समाचार मुख्य

कोरोना के 109 केस

ByNI Desk,
Share
कोरोना के 109 केस
नई दिल्ली।  भारत में कोरोना वायरस भले बहुत तेजी से नहीं फैल रहा है पर इसका संक्रमण रूक नहीं रहा है। रविवार को कोरोना वायरस से संक्रमण को दस नए मामले सामने आए, जिसके बाद पूरे देश में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 109 हो गई। रविवार को केरल में तीन, महाराष्ट्र में छह और तेलंगाना में एक संक्रमण की पुष्टि हुई। छह नए मामले आने के बाद महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 32 हो गई है। भारत में सबसे ज्यादा मरीज महाराष्ट्र में ही हैं। बहरहाल, संक्रमण के बढ़ते मामलों को देख कर राज्य सरकारें और संस्थाएं अपने स्तर पर लगातार चौकसी बरत रही हैं और बचाव के नए उपाय कर रही हैं। पश्चिम बंगाल में रविवार को उच्च अदालत ने तय किया कि उसके यहां अब सिर्फ अति आवश्यक मामलों की ही सुनवाई होगी और वह भी कई तरह की पाबंदियों के साथ। अदालत ने यह भी तय किया है कि अगर कोई पक्षकार नहीं हाजिर होता है तो उसके खिलाफ कोई आदेश पारित नहीं होगा। गुवाहाटी हाई कोर्ट ने भी सिर्फ बेहद जरूरी मामलों की ही सुनवाई का फैसला किया है और बाकी मामलों की सुनवाई अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी है। इस बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कोरोना वायरस से बचाव के लिए पहली बार पूरे राज्य में हफ्ते भर के लिए शटडाउन की घोषणा की है। उधर गुजरात के मुख्य सचिव अनिल मुकिम ने कहा कि राज्य में सार्वजनिक जगहों पर थूकने पर पांच सौ रुपए जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट, शिरडी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण डोंगरे ने अगले कुछ दिनों तक श्रद्धालुओं से मंदिर न आने की अपील की। मोदी ने की उद्धव से बात महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों से चिंतित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से फोन पर बात की। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच राज्य में कारोना वायरस से बने हालात और उससे निपटने के लिए किए जा रहे उपायों पर चर्चा हुई। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 32 मामलों की पुष्टि हुई है। इस बीच खबर है कि शनिवार को बुलढागा में जिस बुजुर्ग की मौत हुई थी वो कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं थे। कुछ ही दिन पहले वे सऊदी अरब से लौटे थे। बहरहाल, रूस और कजाखस्तान से लौटी महाराष्ट्र की 59 साल की महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इस बीच यह फैसला हुआ है कि मुंबई से कोई सामूहिक यात्रा पुलिस कमिश्नर की अनुमति बगैर नहीं की जा सकेगी। यहां समूह में यात्रा करने पर पाबंदी लगा दी गई है। अगर एक साथ लोगों को कहीं जाना जरूरी हो तो पुलिस कमिश्नर से अनुमति लेनी होगी। बृहन्नमुंबई महानगरपालिका, बीएमसी ने अगले आदेश तक मुबंई के वीर माता जीजाबाई भोसले उद्यान और चिड़ियाघर को बंद करने का फैसला किया है। दिल्ली का पहला मरीज हुआ स्वस्थ जानलेवा कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच अच्छी खबर है कि दिल्ली में संक्रमित मिला पहला मरीज पूरी तरह ठीक हो गया है। उसे शनिवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। 45 साल का युवक मयूर विहार फेज-2 का रहने वाला है। वह 22 फरवरी को इटली से लौटा था। संक्रमण की जानकारी होने से पहले उसने हयात होटल में अपने बेटे का जन्मदिन मनाया था। इसका पता चलने के बाद दो मार्च को उसे आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती किया गया था। उसी समय होटल के कर्मचारियों पर भी पाबंदी लगी थी और नोएडा का वह स्कूल भी बंद किया गया था, जहां उसका बच्चा पढ़ता था। बहरहाल, दिल्ली का स्वास्थ्य विभाग युवक के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर रहा है। युवक के संपर्क में आए 105 लोगों की अब तक पहचान की जा चुकी है। इसमें दिल्ली के 41 और बाहर के 64 लोग हैं। इस बीच संक्रमण से प्रभावित ईरान और इटली से 452 भारतीयों को निकाल लिया गया है। इन्हें रविवार को दो विशेष विमान से सुबह मुंबई और दिल्ली लाया गया। 14 दिन इन्हें अलग-थलग रखा जाएगा। दुनिया भर में हुई 6065 मौत कोरोना वायरस के मामले फिलहाल थमते नजर नहीं आ रहे। रविवार तक दुनिया में कुल एक लाख 62 हजार 386 मामले सामने आए हैं और पूरी दुनिया में 6065 लोगों की मौत हो चुकी है। ईरान में 24 घंटे में 113 लोगों की मौत हुई और 1209 नए मामले सामने आए हैं। स्पेन में भी 24 घंटे में एक सौ से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। ईरान में स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कहा गया कि सभी लोग घर पर रहें ताकि हालात सुधारे जा सकें। चीन के बाद इटली में सबसे ज्यादा 1441 मौत हुई है। इस बीच खबर है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। वे दो संक्रमित लोगों के संपर्क में आए थे। वहीं, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की पत्नी डोना को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। सरकार ने कुछ अपवादों के साथ देश में लॉकडाउन के आदेश दिए हैं। फ्रांस ने सभी रेस्तरां और कैफे बंद कर दिए हैं। जर्मनी और इजराइल ने सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को न जाने की सख्त हिदायद दी है। वेटिकन की ओर से कहा गया है कि 12 अप्रैल को होने वाले ईस्टर पर्व में लोगों के शामिल होने पर रोक रहेगी। गौरतलब है कि ट्रंप कुछ दिन पहले ब्राजील के एक प्रतिनिधिमंडल से मिले थे। इस दौरान उन्होंने वहां के संचार प्रमुख फेबिओ वानगार्टन के साथ डिनर भी किया था। बाद में वानगार्टन कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। पहले ट्रंप और उप राष्ट्रपति पेंस ने टेस्ट से इनकार किया। जब मीडिया में चर्चा हुई तो जांच को तैयार हुए। शनिवार दोपहर सैंपल दिया। देर रात रिपोर्ट निगेटिव आई। ट्रंप की बेटी और उनकी सीनियर एडवाइजर इवांका ट्रंप ऑस्ट्रेलिया के संक्रमित गृह मंत्री पीटर डटन से मिलने के बाद घर के काम कर रही हैं। वे इसी हफ्ते डटन और अन्य अधिकारियों से मिली थीं, डटन को कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है। अमेरिका ने अब ब्रिटेन और आयरलैंड को लेकर भी नए वीजा प्रतिबंध लागू किए हैं। पहले इन दोनों देशों को वीजा प्रतिबंध वाले देशों की सूची से बाहर रखा गया था। इस बीच स्पेन के राष्ट्रपति के भी संक्रमित होने की खबरें थीं, लेकिन सरकार ने उन्हें स्वस्थ बताया है। कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो की पत्नी सोफी भी कोरोना पॉजिटिव मिली थीं। उनके साथ जस्टिन को भी आईसोलेशन में रखा गया है। दो दिन चले विरोधाभासी बयानों के बाद गूगल ने आखिरकार रविवार को यह स्वीकार किया कि वो ट्रंप सरकार के साथ कोरोना वायरस पर एक वेबसाइट बना रही है। शुक्रवार को ट्रंप प्रशासन ने इसका खुलासा किया था। लेकिन, शनिवार को गूगल ने ऐसे किसी संभावना से इनकार कर दिया था। रविवार सुबह दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन ने कहा वो अमेरिका के लिए कोरोना वायरस पर तमाम जानकारी देने वाली वेबसाइट डेवलप कर रही है।
Published

और पढ़ें