समाचार मुख्य

अमेरिका में चार लाख मौतें!

ByNI Desk,
Share
अमेरिका में चार लाख मौतें!
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से सर्वाधिक संक्रमित अमेरिका में इस वायरस से मरने वालों की संख्या चार लाख का आंकड़ा पार कर गई है। वायरस का संक्रमण शुरू होने के बाद तमाम तरह के आकलनों में अमेरिका में दो लाख लोगों के मरने का अनुमान लगाया जा रहा था। लेकिन अभी यह संख्या चार लाख से ज्यादा हो गई है और अब हर दिन औसतन तीन हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो रही है। उधर संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित देशों में से एक ब्रिटेन ने अपने यहां पाबंदी बढ़ा दी है। अब ब्रिटेन में किसी को भी तभी प्रवेश मिलेगा, जब उसके पास कोरोना निगेटिव होने का प्रमाणपत्र होगा। कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में दो लाख 45 हजार नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर दो करोड़ 41 लाख 10 हजार से ज्यादा हो गई। जहां तक मरने वालों की संख्या का सवाल है तो भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में अमेरिका में 3,748 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा चार लाख एक हजार 978 हो गया। कोरोना वायरस के बढ़ते आंकड़ों के बीच दुनिया भर में वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या भी 20 लाख का आंकड़ा पार कर गई है। भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में दुनिया भर 15 हजार लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा 20 लाख 21 हजार से ऊपर पहुंच गया। इसी अवधि में लगातार दूसरे दिन संक्रमितों का आंकड़ा साढ़े सात लाख से ऊपर रहा। भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में सात लाख 87 से ज्यादा नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर नौ करोड़ 44 लाख 75 हजार से ज्यादा हो गई। अमेरिका और भारत के बाद दुनिया में तीसरे सबसे ज्यादा संक्रमित देश ब्राजील में लगातार पांच दिन कमी आने के बाद शनिवार को लगातार चौथे दिन संक्रमितों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ। भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में ब्राजील में 68 हजार के करीब नए केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 83 लाख 94 हजार से ज्यादा हो गई थी। ब्राजील में शुक्रवार को रात नौ बजे तक 131 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या दो लाख आठ हजार 291 हो गई है। दुनिया में चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में शनिवार को संक्रमितों की संख्या में छह दिन के औसत के करीब ही बढ़ोतरी हुई। शनिवार को रूस में 24,092 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 35 लाख 44 हजार से ऊपर पहुंच गई। रूस में मरने वालों की संख्या 65,085 हो गई है। संक्रमितों के आंकड़े वर्ल्डमीटर्स की वेबसाइट की सूचना पर आधारित हैं।
Published

और पढ़ें