समाचार मुख्य

दुनिया में साढ़े छह लाख मौतें!

ByNI Desk,
Share
दुनिया में साढ़े छह लाख मौतें!
नई दिल्ली। दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमण से होने वाली मौतों की संख्या साढ़े छह लाख पहुंच गई है। भारतीय समय के मुताबिक रविवार को रात नौ बजे तक 24 घंटे में दुनिया भर में छह हजार लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा साढ़े छह लाख पहुंच गया। आमतौर पर दुनिया भर में रोजाना तीन से पांच हजार लोगों की मौत हो रही है। इसमें सबसे ज्यादा मौतें तीन देशों- अमेरिका, ब्राजील और भारत में हो रही हैं। आधी से ज्यादा मौतें इन तीन देशों में हो रही हैं। जहां तक संक्रमितों की संख्या का सवाल है तो दुनिया भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 62 लाख से ज्यादा हो गई है। अमेरिका, ब्राजील और भारत में तेजी से बढ़ते मामलों की वजह से रविवार को ढाई लाख से ज्यादा नए मामले आए। भारतीय समय के मुताबिक रविवार को रात नौ बजे तक 24 घंटे में दो लाख 35 हजार नए मामले आए, जिसके बाद दुनिया भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक करोड़ 62 लाख 85 हजार से ज्यादा हो गई। रविवार की शाम तक इलाज से ठीक होने वालों की संख्या 99 लाख 61 हजार पहुंच गई। दुनिया में सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिकी में संक्रमितों की संख्या में रविवार को भी तेज बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहा। हालांकि शनिवार के मुकाबले इसमें कमी आई भारतीय समय के मुताबिक रविवार की शाम नौ बजे तक अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 55 हजार के करीब नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 43 लाख 27 हजार से ज्यादा हो गई। रविवार की शाम तक अमेरिका में मरने वालों की संख्या में बड़ी कमी आई। इस दौरान 24 घंटे में करीब साढ़े छह सौ लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या एक लाख 49 हजार 490 हो गई। अमेरिका के बाद दूसरे सबसे ज्यादा प्रभावित ब्राजील में संक्रमितों की संख्या में रविवार को मामूली कमी आई। रविवार को संक्रमितों की कुल संख्या 23 लाख 96 हजार से कुछ ज्यादा हो गई है। ब्राजील में रविवार की शाम तक 24 घंटे में 45 हजार से कुछ ज्यादा नए मामले सामने आए। वहां मरने वालों की संख्या 86,496 हो गई है। चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में संक्रमितों की संख्या में रविवार कमी आई। रविवार की शाम तक रूस में 5,765 नए संक्रमित मिले। लगातार सातवें दिन बार संक्रमितों की संख्या छह हजार से नीचे रही। अब वहां संक्रमितों की संख्या आठ लाख 12 हजार 485 हो गई है। देश में मरने वालों की संख्या 13,269 हो गई है।
Published

और पढ़ें