नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या का रोजाना का औसत कम हो रहा है, फिर भी भारत में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 94 लाख के करीब पहुंच गई है। शनिवार को देर रात तक भारत में कुल 40 हजार के करीब नए संक्रमित मिले, जिसके बाद देश भर में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 93 लाख 90 हजार से ऊपर पहुंच गई। शनिवार को देर रात केरल में सबसे ज्यादा संक्रमित मिले, जबकि महाराष्ट्र में दो दिन तक लगातार छह हजार से ऊपर रहने के बाद संक्रमितों की संख्या में कमी आई। दिल्ली में भी सोमवार के बाद पहली बार संक्रमितों की संख्या पांच हजार से नीचे रही।
देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में दो दिन के बाद संक्रमितों की संख्या में कमी आई। राज्य में शनिवार को 5,965 नए केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 18 लाख 14 हजार 515 पहुंच गई। शनिवार को लगातार दूसरे दिन मरने वालों की संख्या कम रही। राज्य 88 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की 46,986 पहुंच गई।
देश के दो राज्यों केरल और दिल्ली में संक्रमण के मामले सर्वाधिक तेजी से बढ़ रहे हैं। हालांकि दिल्ली में शनिवार को संक्रमितों की संख्या में कमी आई। राज्य में 4,998 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या पांच लाख 61 हजार 742 हो गई। राज्य में कुल 89 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 8,998 पहुंच गई। उधर केरल में पूरे देश में सबसे ज्यादा 6,250 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या पांच लाख 93 हजार 958 पहुंच गई। राज्य में संक्रमण से 25 लोगों की मौत हुई।
इनके अलावा गुजरात और राजस्थान में संक्रमण तेजी से फैलने का सिलसिला जारी है। गुजरात में शनिवार को 1,598 नए मामले सामने आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर दो लाख छह हजार 714 हो गई। राजस्थान में शनिवार को संक्रमितों की संख्या में थोड़ी कमी आई। राज्य में 2,765 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर दो लाख 62 हजार 805 हो गई। राज्य में 19 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा 2,274 पहुंच गया।
दक्षिण के राज्यों में केरल को छोड़ कर बाकी जगह मामले कम होने लगे हैं। कर्नाटक में शनिवार को 1,522 नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर आठ लाख 82 हजार 608 हो गई। आंध्र प्रदेश में शुक्रवार को महज 625 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर आठ लाख 67 हजार 63 हो गई। तेलंगाना में भी महज 53 नए मामले सामने आए।
ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक शनिवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 93 लाख 51 हजार 109 थी, जिसमें से एक लाख 36 हजार 200 लोगों की मौत हो चुकी है।