समाचार मुख्य

पांच राज्यों में बढ़ रहा है कोरोना

ByNI Desk,
Share
पांच राज्यों में बढ़ रहा है कोरोना
नई दिल्ली। कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए वैक्सीनेशन की प्रक्रिया शुरू होने के एक महीने बाद एक बार फिर वायरस का संक्रमण बढ़ने लगा है। केंद्र सरकार ने माना है कि पांच राज्यों में संक्रमण के नए केसेज की संख्या पिछले एक हफ्ते में बढ़ी है। सबसे ज्यादा चिंता महाराष्ट्र को लेकर हो रही है, जहां माना जा रहा है कि वायरस की तीसरी लहर आई हुई है। राज्य सरकार ने संक्रमण को रोकने के लिए ऐहतियात के तौर पर कई उपाय किए हैं और कुछ जगहों पर पाबंदी भी लगाई गई है। माना जा रहा है कि पिछले दो-तीन महीने से टेस्टिंग कम करने की वजह से लोगों में लापरवाही आई है और मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। महाराष्ट्र में शनिवार को लगातार दूसरे दिन छह हजार से ज्यादा केसेज आए। पिछले 85 दिन में ऐसा पहली बार हुआ कि महाराष्ट्र में लगातार दूसरे दिन छह हजार मामले आए। शनिवार को महाराष्ट्र में 6,281 नए मामले आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 20 लाख 93 हजार 913 हो गई। शनिवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 40 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 51,753 हो गई। पिछले दो दिन में महाराष्ट्र में जितने लोग ठीक हो रहे हैं, उससे दोगुने से ज्यादा लोग बीमार हो रहे हैं, इससे एक्टिव केसेज में भी बढ़ोतरी हो रही है। महाराष्ट्र में शनिवार को एक्टिव मरीजों की संख्या 48,429 हो गई। केंद्र सरकार ने माना है कि केरल, महाराष्ट्र, पंजाब, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में पिछले सात दिन से नए केस बढ़ रहे हैं। देश के कुल एक्टिव केसों के 75 फीसदी से ज्यादा मामले तो सिर्फ महाराष्ट्र और केरल में हैं। एक समय दोनों के एक्टिव मरीजों की संख्या में काफी अंतर आ गया था पर अब महाराष्ट्र में बढ़ते मरीजों की वजह से दोनों के बीच 10 हजार का अंतर है। इस बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि मध्य प्रदेश में 13 फरवरी के बाद से केसों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार को 24 घंटे में मध्य प्रदेश में करीब तीन सौ नए मामले सामने आए हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ में भी शुक्रवार को ढाई सौ से ज्यादा केस मिले। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि महाराष्ट्र और केरल की तरह पंजाब में भी नए केसेज में बढ़ोतरी देखने को मिली है। पंजाब में भी संक्रमितों के आंकड़े में अचानक बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। पिछले 24 घंटे में वहां 383 नए मामले आए। इसके अलावा गुजरात में भी संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। इस बीच देश भर में कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा 21 करोड़ के पार हो गया है। भारत में अब तक 21 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच हुई है और एक करोड़ सात लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है। भारत में 21 करोड़ टेस्ट में से 5.21 फीसदी यानी, एक करोड़ नौ लाख से कुछ ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए। पिछले करीब चार महीने से देश में कोरोना मरीजों की संख्या घट रही थी लेकिन अब इसमें फिर से तेजी आने लगी है। शुक्रवार को करीब 14 हजार नए मरीज मिले और एक्टिव केसेज की संख्या में साढ़े तीन हजार के करीब बढ़ोतरी हुई।
Published

और पढ़ें