नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में एक बार फिर वायरस का संक्रमण बढ़ने लगा है। राज्य में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन छह हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए। शुक्रवार को महाराष्ट्र में 6,185 नए केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 18 लाख आठ हजार 550 पहुंच गई। राज्य में हालांकि मरने वालों की संख्या कम रही। शुक्रवार को 85 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की 46,898 पहुंच गई। गौरतलब है कि राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पिछले दिनों कोराना की दूसरी लहर की चेतावनी दी थी। महाराष्ट्र के बाद दिल्ली में मामले लगातार बढ़े हुए है।
इस बीच गुजरात में भी संक्रमण के मामले बढ़ने की खबर आई है। राज्य में शुक्रवार को 1,607 नए मामले सामने आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर दो लाख पांच हजार 116 हो गई। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली तेजी से राजस्थान में संक्रमण बढ़ रहा है। शुक्रवार को राजस्थान में रिकार्ड संख्या में तीन हजार से ज्यादा मामले आए। राज्य में 3,093 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर दो लाख 60 हजार 40 हो गई। राज्य में 18 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा 2,255 पहुंच गया।
दक्षिण के राज्यों में केरल को छोड़ कर बाकी जगह मामले कम होने लगे हैं। कर्नाटक में शुक्रवार को 1,526 नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर आठ लाख 81 हजार 86 हो गई। आंध्र प्रदेश में शुक्रवार को महज 733 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर आठ लाख 66 हजार 438 हो गई। तेलंगाना में भी महज 761 नए मामले सामने आए।
इस बीच देश में कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से मरने वालों की संख्या एक लाख 36 हजार से ज्यादा हो गई है। देश में संक्रमण की रफ्तार कम हुई है इसके बावजूद औसतन 30 से 40 हजार के करीब मामले आ रहे हैं। शुक्रवार को देर रात तक पूरे देश में 37 हजार 180 नए केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 93 लाख 36 हजार 951 हो गई। देश भर में देर रात तक 360 लोगों के मरने की खबर आई, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या एक लाख 36 हजार 112 पहुंच गई।
ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक शुक्रवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 93 लाख नौ हजार 787 थी, जिसमें से एक लाख 35 हजार 715 लोगों की मौत हो चुकी है।