समाचार मुख्य

पांच दिन में बढ़े 25 लाख मामले

ByNI Desk,
Share
पांच दिन में बढ़े 25 लाख मामले
नई दिल्ली। दुनिया भर में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों का औसत पिछले पांच दिन से हर दिन पांच लाख केसेज के औसत पर टिका है। पिछले पांच दिन में दुनिया भर में 25 लाख नए मामले बढ़े हैं। 27 नवंबर को दुनिया में कुल संक्रमितों की संख्या छह लाख 12 हजार थी, जो एक दिसंबर को भारतीय समय के मुताबिक रात नौ बजे तक बढ़ कर छह करोड़ 37 लाख की सीमा पार कर गई। मंगलवार को भारतीय समय के मुताबिक रात नौ बजे तक करीब सवा पांच लाख नए केसेज मिले, जिसके बाद दुनिया भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ कर छह करोड़ 37 लाख 52 हजार से ऊपर पहुंच गई। दुनिया भर में हर दिन औसतन तीन से छह हजार तक मौतें हो रही हैं। परंतु भारतीय समय के मुताबिक मंगलवार को रात नौ बजे तक दुनिया भर में नौ हजार लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 14 लाख 77 हजार से ऊपर पहुंच गई। दुनिया भर में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा संक्रमित अमेरिका में संक्रमितों की संख्या मंगलवार को लगातार तीसरे दिन डेढ़ लाख के करीब रही। भारतीय समय के मुताबिक मंगलवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में अमेरिका में एक लाख 70 हजार नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक करोड़ 39 लाख 24 हजार से ज्यादा हो गई। सोमवार को मरने वालों की संख्या में थोड़ी बढ़ोतरी। भारतीय समय के मुताबिक रात नौ बजे तक 1,343 मौतें हुईं, जिसके बाद मरने वालों की संख्या दो लाख 74 हजार 495 हो गई। दुनिया में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित देश ब्राजील में मंगलवार को संक्रमितों की संख्या में कमी आई। भारतीय समय के मुताबिक मंगलवार को रात नौ बजे तक ब्राजील में 22 हजार नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 63 लाख 36 हजार से ज्यादा हो गई। ब्राजील में मंगलवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में 317 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद मरने वालों की संख्या एक लाख 73 हजार 165 हो गई। दुनिया में चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में संक्रमितों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। मंगलवार को हालांकि रूस में संक्रमितों की संख्या लगातार तीसरे दिन 27 हजार से नीचे रही। मंगलवार को रूस में 26,402 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 23 लाख 22 हजार से ऊपर पहुंच गई। रूस में मरने वालों की संख्या 40,464 हो गई है। संक्रमितों के आंकड़े वर्ल्डमीटर्स की वेबसाइट की सूचना पर आधारित हैं।
Published

और पढ़ें