समाचार मुख्य

एक्टिव केस का नया रिकार्ड

ByNI Desk,
Share
एक्टिव केस का नया रिकार्ड
नई दिल्ली। कोरोना वायरस की दूसरी लहर में संक्रमण के नए नए रिकार्ड बन रहे हैं। महाराष्ट्र में पिछले एक हफ्ते से लगभग हर दिन पहली लहर की पीक से ज्यादा मामले आ रहे हैं। देश के 10 और राज्यों में तेजी से संक्रमण फैल रहा है। इसी वजह से एक्टिव केसेज में भी भारी बढ़ोतरी हुई है। पिछले छह दिन में भारत में सवा लाख के करीब एक्टिव केस बढ़े हैं। यह नया रिकार्ड है। कोरोना वायरस की पहली लहर में सबसे ज्यादा एक्टिव केस सितंबर में बढ़े थे, तब छह दिन में एक लाख केस आए थे और एक्टिव केसेज की संख्या नौ से 10 लाख हो गई थी। कोरोना का संक्रमण जब पीक पर था और हर दिन 90 हजार के करीब केसेज आ रहे थे तब भी छह दिन में अधिकतम एक लाख एक्टिव केस बढ़े थे। दूसरी लहर में छह दिन में सवा लाख एक्टिव केस बढ़े हैं। वायरस से संक्रमितों के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 21 से 26 मार्च को बीच सवा लाख से कुछ ज्यादा एक्टिव केस बढ़े हैं। इस वजह से देश में एक्टिव केसेज यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या बढ़ कर साढ़े चार लाख के करीब पहुंच गई है। पिछले महीने यह संख्या एक लाख 36 हजार तक आ गई थी। गौरतलब है कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर देश के एक दर्जन राज्यों में फैली है। महाराष्ट्र के अलावा गुजरात, पंजाब, तमिलनाडु, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में हर दिन संक्रमितों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी वायरस के नए केसेज की संख्या में अच्छी खासी बढ़ोतरी हुई है। हरियाणा, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में भी कोरोना की संक्रमण दर बढ़ी है। आंध्र प्रदेश, जहां कोरोना लगभग खत्म हो गया था वहां भी शुक्रवार को 984 नए मामले आए। महाराष्ट्र के अलावा कई राज्यों में हर दिन आने वाले केसेज की संख्या दो हजार से ऊपर पहुंच गई है। शुक्रवार को गुजरात में 2,190 नए मामले आए और सिर्फ 1,422 लोग इलाज से ठीक हुए। कर्नाटक में 2,566 नए मामले मिले और 1,207 लोग इलाज से ठीक हुए। पंजाब में लगातार सातवें दिन संक्रमितों की संख्या ढाई हजार के करीब रही। तमिलनाडु में शुक्रवार को 1,971 नए मामले आए और 1,131 लोग इलाज से ठीक हुए। केरल में 1,815 नए संक्रमित मिले। इस बीच, केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने आने वाले त्योहारों को देखते हुए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को चिट्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने कोरोना को ध्यान में रखते हुए जरूरी उपाय करने के लिए कहा है।
Published

और पढ़ें