समाचार मुख्य

अब हर पांचवां मरीज भारतीय!

ByNI Desk,
Share
अब हर पांचवां मरीज भारतीय!
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या हर दिन नया रिकार्ड बना रहा है। दुनिया में एक दिन में आने वाले संक्रमण के नए केसेज में हर पांचवां मरीज भारतीय रह रहा है। गुरुवार को रात नौ बजे तक दुनिया भर में ढाई लाख से कुछ ज्यादा नए संक्रमित मिले थे और भारत में 24 घंटे के अंदर मिले संक्रमितों की संख्या 50 हजार पहुंच गई थी। इस तरह दुनिया में 24 घंटे में मिलने वाले नए मरीजों में 20 फीसदी मरीज भारतीय हैं। कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या के मामले में भी भारत इटली को पीछे छोड़ कर पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। भारत से ज्यादा मौतें सिर्फ अमेरिका, ब्राजील, फ्रांस और ब्रिटेन में हुई हैं। इस बीच गुरुवार को भारत में संक्रमितों की कुल संख्या 16 लाख से ज्यादा हो गई। दो दिन पहले ही संक्रमितों की संख्या 15 लाख पहुंची थी। इस तरह दो दिन में एक लाख का आंकड़ा पार करने का सिलसिला चौथी बार जारी रहा। गुरुवार को देर शाम तक 50 हजार नए संक्रमित मिले थे, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 16 लाख 34 हजार से ज्यादा हो गई थी। संक्रमण की वजह से कुल 709 लोगों के मरने की खबर आई, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 35,712 हो गई। देश में सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में गुरुवार को संक्रमितों की संख्या में रिकार्ड बढ़ोतरी हुई। राज्य में पहली बार 11 हजार से ज्यादा नए मामले आए। गुरुवार को महाराष्ट्र में 11,147 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या चार लाख 11 हजार 798 हो गई। राज्य में 266 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 14,729 पहुंच गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को 1,093 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख 34 हजार 403 हो गई। देश में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य तमिलनाडु में गुरुवार को 5,864 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या दो लाख 39 हजार 978 हो गई है। आंध्र प्रदेश में लगातार दूसरे दिन दस हजार से ज्यादा संक्रमित मिले। गुरुवार को वहां 10,167 मामले आए और वहां संक्रमितों की संख्या एक लाख 30 हजार 557 हो गई है। कर्नाटक में लगातार गुरुवार को 6,128 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख 18 हजार 632 हो गई। बिहार में गुरुवार 2,082 नए संक्रमित मिले और वहां संक्रमितों की संख्या 48 हजार पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश में गुरुवार को 3,705 नए मामले आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 81,039 पहुंच गई है। राजस्थान में 365 नए केस आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या40,145 पहुंच गई। ओड़िशा में 1,203 नए मामले आए और केरल में 506 नए संक्रमित मिले। हरियाणा में 623 मामले आए। गुजरात में गुरुवार को 1,159 नए संक्रमित मिले। वहां संक्रमितों की संख्या 60,285 हो गई। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक गुरुवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 15 लाख 83 हजार 792 थी, जिसमें से 34,968 लोगों की मौत हो चुकी है।
Published

और पढ़ें