समाचार मुख्य

फंसे भारतीयों के लिए उड़ाने बढ़ेगी

ByNI Desk,
Share
फंसे भारतीयों के लिए उड़ाने बढ़ेगी
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से दुनिया के अलग अलग देशों में फंसे अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए वंदे भारत मिशन का चौथा चरण तीन जुलाई से शुरू होगा। चौथे चरण में 15 जुलाई तक 17 देशों से 170 उड़ानें संचालित होंगी। गौरतलब है कि वायरस की वजह से भारत ने 23 मार्च से अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर पाबंदी लगा रखी है। तभी विदेश में फंसे भारतीयों को लाने के लिए सरकार ने छह मई से वंदे भारत मिशन शुरू किया था। इस मिशन के चौथे चरण में कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन, केन्या, श्रीलंका, फिलिपींस, किर्गिस्तान, सऊदी अरब, बांग्लादेश, थाईलैंड, साउथ अफ्रीका, रूस, ऑस्ट्रेलिया, म्यांमार, जापान, यूक्रेन और वियतनाम से भारतीयों को वापस लाया जाएगा। सरकार की ओर से बताया गया है कि भारत-ब्रिटेन के रूट पर सबसे ज्यादा 38 उड़ानों का संचालन होगा और भारत-अमेरिका के रूट पर 32 उड़ानों का। इसके साथ अलावा भारत और सऊदी अरब के बीच 26 फ्लाइट्स ऑपरेट होंगी। इस समय वंदे भारत मिशन का तीसरा चरण चल रहा है, जिसमें एयर इंडिया की 495 उड़ानों का संचालन होगा। तीसरा चरण 10 जून से शुरू हुआ था और चार जुलाई तक चलेगा। इस मिशन का पहला चरण सात से 16 मई तक चला था। गौरतलब है कि 22 जून को अमेरिका ने भारत की विशेष उड़ानों को अनुमति देने से मना कर दिया है। यह आदेश 22 जुलाई से लागू हो जाएगा। अमेरिका ने आरोप लगाया है कि भारत उड़ानों से जुड़े कुछ नियमों को तोड़ रहा है।
Published

और पढ़ें