समाचार मुख्य

सात लाख से ज्यादा संक्रमित

ByNI Desk,
Share
सात लाख से ज्यादा संक्रमित
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या हर दिन नए रिकार्ड बना रही है। संक्रमितों की संख्या के लिहाज से दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंचने के एक दिन बाद सोमवार को भारत में संक्रमितों की संख्या सात लाख से ऊपर पहुंच गई। संक्रमितों की संख्या छह से सात लाख पहुंचने में सिर्फ पांच दिन लगे हैं। पिछले दस दिन में भारत में दो लाख नए संक्रमित मिले हैं। सोमवार को दो और रिकार्ड बने। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में संक्रमितों की संख्या एक लाख का आंकड़ा पार कर गई और भारत में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 20 हजार से ज्यादा हो गई। सोमवार को देर शाम तक देश भर से संक्रमण के मामले सात लाख 15 हजार से ज्यादा हो गए थे। देश भर में 429 लोगों के मरने की खबर आई थी, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 20,130 हो गई। भारत में एक्टिव केसेज की संख्या दो लाख 57 हजार से ज्यादा हो गई है, जबकि चार लाख 37 हजार से ज्यादा लोग इलाज से ठीक हुए हैं। भारत में गंभीर मरीजों की संख्या नौ हजार के करीब है। सोमवार की देर शाम तक कर्नाटक, तेलंगाना, असम जैसे कई बड़े प्रभावित राज्यों के आंकड़े नहीं आए थे। देश में सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में सोमवार को संक्रमितों की संख्या में कमी आई। सोमवार को महाराष्ट्र में 5,368 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर दो लाख 11 हजार 987 हो गई। सोमवार को 204 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 9,026 हो गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को संक्रमितों की संख्या में बड़ी कमी आई। राज्य में कुल 1,379 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक लाख से ऊपर पहुंच गई। अब दिल्ली में एक लाख 823 संक्रमित हैं। देश में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य तमिलनाडु में लगातार चार दिन तक संक्रमितों की संख्या चार हजार से ज्यादा रहने के बाद सोमवार को इसमें थोड़ी कमी आई। राज्य में 3,827 नए मामले आए। इसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक लाख 14 हजार 978 हो गई है। राज्य में सोमवार को 61 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 1,571 पहुंच गई। सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक आंध्र प्रदेश में सोमवार को संक्रमितों की संख्या में थोड़ी कमी आई। राज्य में 1,322 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 20,019 पहुंच गई। उत्तर प्रदेश में सोमवार को 929 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 28,636 पहुंच गई। हरियाणा में सोमवार को लगातार दूसरे दिन संक्रमितों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी हुई। राज्य में 499 नए मामले आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 17,504 हो गई। बिहार में सोमवार को 280 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 12,140 हो गई। गुजरात में 735 नए संक्रमित मिले वहां संक्रमितों की कुल संख्या 36,858 हो गई है। पश्चिम बंगाल में सोमवार को 861 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 22,987 हो गई। राज्य में 22 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 779 हो गई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश में 354 और राजस्थान में 99 नए मामले आए। राजस्थान में संक्रमितों की संख्या 20,263 हो गई है। ओड़िशा में 456, केरल में 193, पंजाब में 208 पुड्डुचेरी में 65 और गोवा में 52 नए मामले आए। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक सोमवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या छह लाख 97 हजार 412 थी, जिसमें से 19,693 लोगों की मौत हो चुकी है।
Published

और पढ़ें