समाचार मुख्य

यूपी में एक लाख के पार संक्रमित!

ByNI Desk,
Share
यूपी में एक लाख के पार संक्रमित!
नई दिल्ली। अयोध्या में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम जन्मभूमि मंदिर का भूमिपूजन और शिलान्यास करेंगे, उससे एक दिन पहले राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख से ऊपर पहुंच गई। उत्तर प्रदेश भारत का पांचवा राज्य बन गया है, जहां कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख से ऊपर गई है। मंगलवार को राज्य में 2,948 नए केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख 310 पहुंच गई। राज्य में 39 लोगों की मौत भी हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 1,817 पहुंच गई। मंगलवार को देर शाम तक देश भर से 46 हजार से ज्यादा मामले सामने आए थे, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या साढ़े 19 लाख एक हजार से ऊपर पहुंच गई। एक बार फिर देश में दो दिन में एक लाख से ज्यादा मामले आए हैं। मंगलवार की देर शाम तक देश भर में 816 लोगों के मरने की खबर आई थी, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 39,787 हो गई है। देर शाम तक कुछ राज्यों के आंकड़े नहीं आए थे। इनका आंकड़ा आने के बाद संक्रमितों की संख्या 50 हजार के करीब पहुंच सकती है। इस तरह भारत लगातार दूसरे दिन दुनिया में सबसे ज्यादा नए संक्रमितों वाला देश बन सकता है। देश में सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में मंगलवार को संक्रमितों की संख्या में बड़ी कमी आई। राज्य में 7,760 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या चार लाख 57 हजार 956 हो गई। राज्य में तीन सौ लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 16,142 पहुंच गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन संक्रमितों की संख्या में गिरावट आई। राज्य में 674 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख 39 हजार 156 हो गई। बिहार में मंगलवार को 2,464 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 62,031 पहुंच गई। देश में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य तमिलनाडु में मंगलवार को 5,063 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या दो लाख 68 हजार 285 हो गई है। आंध्र प्रदेश में मंगलवार को 9,747 मामले आए और वहां संक्रमितों की संख्या एक लाख 76 हजार 333 हो गई है। पश्चिम बंगाल में 2,752 नए केस आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 80,984 पहुंच गई। राजस्थान में 551 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 46,106 हो गई। ओड़िशा में 1,384 नए मामले आए और केरल में 1,083 नए संक्रमित मिले। मध्य प्रदेश में 797 नए मामले आए। गुजरात में मंगलवार को 1,020 नए संक्रमित मिले। वहां संक्रमितों की संख्या 65,704 हो गई। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक मंगलवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 18 लाख 55 हजार 745 थी, जिसमें से 38,938 लोगों की मौत हो चुकी है।
Published

और पढ़ें