
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते संक्रमण के बीच एक्टिव केसेज की संख्या बढ़ कर साढ़े 12 लाख हो गई है। वायरस की पहली लहर में एक्टिव केसेज की संख्या 11 लाख से नीचे रही थी। लेकिन दूसरी लहर में यह साढ़े 12 लाख से ऊपर पहुंच गई है। हर दिन औसतन 50 से 60 हजार एक्टिव केस बढ़ रहे हैं। सोमवार को आमतौर पर संक्रमितों की संख्या हफ्ते के बाकी दिनों के मुकाबले कम होती है क्योंकि रविवार को कम सैंपल जांच के लिए भेजे जाते हैं। इसके बावजूद सोमवार को डेढ़ लाख संक्रमित मिले और 24 घंटे में 55 हजार से ज्यादा एक्टिव केसेज बढ़ गए। देश के सबसे अधिक संक्रमित महाराष्ट्र के अलावा दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात आदि राज्यों में भी संक्रमण में तेजी से बढ़ोतरी हुई है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को 11,491 नए मरीज मिले और 7,665 लोग इलाज से ठीक हुए। दिल्ली में 24 घंटे में 72 लोगों की मौत हुई। अब हर दिन संक्रमितों और मरने वालों की संख्या में रिकार्ड बढ़ोतरी हो रही है। उत्तर प्रदेश में सोमवार को 13,604 नए मरीज मिले, जबकि सिर्फ 3,197 मरीज इलाज से ठीक हुए। राज्य में 24 घंटे में 72 लोगों की मौत हुई। बिहार में सोमवार को संक्रमितों की संख्या में थोड़ी कमी आई। राज्य में 2,999 नए मरीज मिले और सिर्फ 636 लोग इलाज से ठीक हुए। गुजरात में सोमवार को छह हजार से ज्यादा संक्रमित मिले और 55 लोगों की मौत हुई।
पूरे देश में सोमवार डेढ़ लाख के करीब नए संक्रमित मिले। सोमवार को सवा सात सौ लोगों की मौत हुई। कोरोना वायरस से सर्वाधिक संक्रमित राज्य महाराष्ट्र में सोमवार को 24 घंटे में कोरोना वायरस के 51,751 नए केसेज आए हैं, जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 34 लाख 58 हजार से ऊपर हो गई। 24 घंटे में राज्य में 52 हजार से ज्यादा लोग इलाज से ठीक हुए। इस तरह सोमवार को राज्य में एक्टिव केसेज बढ़ने की बजाय कम हुए। सोमवार को महाराष्ट्र में 258 लोगों की मौत हुई।
चुनाव वाले राज्य पश्चिम बंगाल में 24 घंटे में मिले मरीजों की संख्या सोमवार को लगातार तीसरे दिन चार हजार से ऊपर रही। राज्य में रविवार को 4,511 नए मरीज मिले और 1,947 मरीज ठीक हुए। राजस्थान में रिकार्ड संख्या में नए मरीज मिले। सोमवार को लगातार दूसरे दिन राजस्थान में संक्रमितों की संख्या पांच हजार से ऊपर रही। राज्य में 5,771 नए मरीज मिले और सिर्फ 1,291 मरीज ठीक हुए। राज्य में 14 लोगों की मौत भी हुई। हरियाणा में 3,818 नए संक्रमित मिले और 2,298 मरीज ठीक हुए। राज्य में 24 घंटे में 14 संक्रमितों की मौत हुई।
दक्षिण के राज्यों में संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ने का सिलसिला जारी है। सोमवार को आंध्र प्रदेश में 3,263 नए केसेज आए, जबकि सिर्फ 1,091 लोग इलाज से ठीक हुए। कर्नाटक में सोमवार को 9,579 नए केस मिले, जबकि 2,767 लोग इलाज से ठीक हुए। राज्य में 52 लोगों की मौत हुई। तमिलनाडु में 6,711 नए मरीज मिले और सिर्फ 2,339 मरीज इलाज से ठीक हुए। केरल में मरीजों की संख्या दो दिन के बाद छह हजार से नीचे आई। राज्य में 5,692 नए मामले मिले।