समाचार मुख्य

Corona Update: 40 फीसदी मौतें भारत में, सोमवार को हुई 3,490 लोगों की मौते

ByNI Desk,
Share
Corona Update: 40 फीसदी मौतें भारत में, सोमवार को हुई 3,490 लोगों की मौते
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संक्रमण से होने वाली मौतों में एक दिन की मामूली कमी के बाद मंगलवार को फिर बड़ा इजाफा हुआ। मंगलवार को खबर लिखे जाने पर देश में मरने वालों की संख्या 38 सौ का आंकड़ा पार कर गई थी, जबकि कई राज्यों के आंकड़े अपडेट नहीं हुए थे। सभी राज्यों के आंकड़े आने के बाद देश में कोरोना संक्रमण से 24 घंटे में मरने वालों की संख्या चार हजार का आंकड़ा पार कर जाएगी। इससे एक दिन पहले सोमवार को देश में 3,490 लोगों की मौत हुई थी। तब भी दुनिया में हुई मौतों में भारत का हिस्सा 40 फीसदी थी। सोमवार को दुनिया में 88 सौ से कुछ ज्यादा लोगों की मौत की खबर आई थी, जिसमें भारत में 3,490 लोग मरे थे। मंगलवार को यह अनुपात और ऊपर जा सकता है। ध्यान रहे दुनिया के बाकी देशों में संक्रमितों की संख्या और मौतों की संख्या भी तेजी से कम हुई है। सबसे ज्यादा मौतों वाले देश अमेरिका में भी औसतन तीन-साढ़े तीन सौ लोगों की मौत हो रही है। भारत के बाद सबसे ज्यादा मौत ब्राजील में हो रही है पर वहां भी सोमवार को मरने वालों की संख्या 841 थी। उसके बाद कोलंबिया का नंबर था, जहां 483 लोग मरे थे। मंगलवार को भारत में मरने वालों का आंकड़ा चार हजार से ऊपर पहुंच जाएगा तो दुनिया भर में होने वाली मौतों में भारत का अनुपात भी बदल जाएगा। गौरतलब है कि भारत में लगातार संक्रमितों की संख्या कम हो रही है पर मौतों का सिलसिला नहीं थम रहा है। मंगलवार को खबर लिखे जाने तक देश में एक लाख 92 हजार से कुछ ज्यादा केसेज आए थे और 3,790 लोगों की मौत हुई थी। देर रात तक छत्तीसगढ़, पंजाब, झारखंड, असम सहित कई राज्यों के आंकड़े अपडेट नहीं हुए थे। इनके आंकड़े आने के बाद मरने वालों की संख्या चार हजार पहुंच सकती है। संक्रमितों का आंकड़ा भी एक बार फिर दो लाख से ऊपर चला जाएगा। सोमवार को यह संख्या दो लाख से नीचे रही थी। मंगलवार को देश के सर्वाधिक संक्रमित महाराष्ट्र में 24,136 नए संक्रमित मिले और 1,137 लोगों की मौत हुई। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में मंगलवार को 3,723 नए केसेज मिले और 157 लोगों की मौत हुई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 24 घंटे में 1,568 संक्रमित मिले और 156 लोगों की मौत हुई। गुजरात में मंगलवार को 3,255 नए मामले आए और 44 लोगों की मौत हुई। राजस्थान में 3,404 नए मामले आए और 105 लोगों की मौत हुई। पश्चिम बंगाल में 17,005 नए केसेज मिले और 157 लोगों की मौत हुई। मध्य प्रदेश में 2,422 नए संक्रमित मिले और 68 लोगों की मौत हुई। उत्तराखंड में 2,756 नए मरीज मिले और 81 लोगों की मौत हुई। देश के दूसरे सबसे अधिक संक्रमित राज्य कर्नाटक में मंगलवार को 22,758 नए केसेज मिले और 588 लोगों की मौत हुई। तमिलनाडु में 34,285 मामले आए और 468 लोगों की मौत हुई। केरल में 29,803 नए मामले आए और 177 लोगों की मौत हुई। और आंध्र प्रदेश में 15,284 नए संक्रमित मिले और 106 लोगों की मौत हुई।
Published

और पढ़ें