नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में कोराना का कहर बढ़ता जा रहा है। राजस्थान में 10 दिन के भीतर एक्टिव केसेज की संख्या दोगुनी हो गई है। उधर मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दर में साढ़े 10 फीसदी पहुंच गई है। राजधानी भोपाल में तो संक्रमण की दर 20 फीसदी से ऊपर है। छत्तीसगढ़ में एक दिन में चार हजार से ज्यादा नए मामले आने के बाद संकट गहरा गया है और सरकार ने दुर्ग के बाद राजनांदगांव में भी लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। इस बीच महाराष्ट्र में सरकार ने ऑक्सीजन की उपलब्धता को लेकर चिंता जताई है।
राजस्थान में कोरोना की दूसरी लहर में पिछले एक महीने में एक्टिव केस बढ़ कर 10 गुना हो गया है। एक मार्च को राज्य में 1,304 मरीजों का इलाज चल रहा था, जबकि दो अप्रैल को यह संख्या बढ़ कर 10,484 हो गई। पिछले 30 दिन में कोरोना की रफ्तार 14 गुना हुई है। दो मार्च को 102 नए केस मिले थे, जबकि दो अप्रैल को यह आंकड़ा 14 सौ पार कर गया। राज्य में 2 अप्रैल को इस साल के सबसे ज्यादा 1422 केस सामने आए थे। राजधानी जयपुर में कोरोना के केस हर दिन नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। शनिवार को राजधानी में 367 नए संक्रमित मरीज मिले।
उधर महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच अस्पतालों में ऑक्सीजन की खपत बढ़ गई है। ऐसे में राज्य में होने वाले ऑक्सीजन के उत्पादन का एक सौ फीसदी कोटा अस्पतालों को सप्लाई करने पर विचार किया जा रहा है। इसकी जानकारी खुद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दी है। अभी 80 फीसदी ऑक्सीजन अस्पतालों को दिया जा रहा है। वहीं, राज्य के उद्योगों को 20 फीसदी की आपूर्ति की जा है।
मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दर साढ़े 10 फीसदी पहुंच गई है। चार बडे़ शहरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर की स्थिति ज्यादा खराब है। इन शहरों में रविवार को लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू लगाने का आइडिया भी फेल साबित हो रहे हैं। 24 घंटे में इंदौर में सबसे ज्यादा 708 और भोपाल में 502 केस सामने आए हैं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने दौरे रद्द कर आपात बैठक बुलाई है। राजधानी भोपाल में संक्रमण दर 20.08 फीसदी है। वहां छह 20 की जगह 51 कंटेनमेंट जोन बनाने पड़े।
छत्तीसगढ़ में भी कोरोना की रफ्तार में कम होती नहीं दिख रही है। शुक्रवार को वहां 4,174 नए मरीज मिले। स्वास्थ्य विभाग ने 33 मरीजों की मौत की जानकारी दी। इनमें से 18 की मौत एक अप्रैल को हुई थी। प्रदेश में अभी 31,858 मरीजों का इलाज चल रहा है। रविवार से राजनांदगांव में अगले आदेश तक लॉकडाउन लगाने की घोषणा की गई है।