समाचार मुख्य

Corona Update: दक्षिण ने बढ़ाई चिंता, पूरे देश के आधे से ज्यादा केसेज

ByNI Desk,
Share
Corona Update: दक्षिण ने बढ़ाई चिंता, पूरे देश के आधे से ज्यादा केसेज
नई दिल्ली। कोरोना वायरस की दूसरी लहर देश के ज्यादातर राज्यों में धीमी पड़ रही है लेकिन दक्षिण भारत के राज्यों और पश्चिम बंगाल ने पूरे देश की चिंता बढ़ाई हुई है। अगर अब भी देश में हर दिन पौने दो से दो लाख केसेज आ रहे हैं तो इसका कारण दक्षिण के चार राज्य और पश्चिम बंगाल है। पूरे देश में हर दिन मिलने वाले केसेज में आधे से ज्यादा संख्या इन पांच राज्यों की है। शुक्रवार को भी इन पांच राज्यों में सर्वाधिक नए केस मिले। दक्षिण के राज्यों में संक्रमण से मरने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। सबसे कम मृत्यु दर वाले राज्यों में शामिल रहे केरल में शुक्रवार को 194 लोगों की मौत हुई। कोरोना की पूरी दूसरी लहर में इसी हफ्ते पहली बार राज्य में एक सौ से ज्यादा लोगों की संक्रमण से मौत हुई। उसके बाद से लगातार मरने वालों की संख्या बढ़ रही है। शुक्रवार को दक्षिण भारत के चार राज्यों- कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में कुल मिला कर 90,649 नए केसेज आए यानी आधे से ज्यादा केस इन चार राज्यों में मिले। पश्चिम बंगाल के 12,103 संक्रमितों की संख्या जोड़ देने पर यह आंकड़ा एक लाख तीन हजार के करीब पहुंच जाता है। इन पांच राज्यों में 1,287 लोगों की मौत हुई। इन पांच राज्यों की वजह से ही देश में मरने वालों का आंकड़ा हर दिन तीन हजार से ऊपर रह रहा है। शुक्रवार को भी खबर लिखे जाने तक देश में 3,078 लोगों की मौत का आंकड़ा आ चुका था, जबकि कई राज्यों के आंकड़े अपडेट नहीं हुए थे। शुक्रवार को खबर लिखे जाने तक देश में एक लाख 57 हजार से कुछ ज्यादा केसेज आए थे और 3,078 लोगों की मौत हुई थी। देर रात तक छत्तीसगढ़, हरियाणा, झारखंड, असम सहित कई राज्यों के आंकड़े अपडेट नहीं हुए थे। इनके आंकड़े आने के बाद मरने वालों की संख्या साढ़े तीन हजार तक पहुंच सकती है। संक्रमितों का आंकड़ा इस हफ्ते तीसरी बार दो लाख से कम रहने का अनुमान है। शुक्रवार को देश के सर्वाधिक संक्रमित महाराष्ट्र में 20,740 नए संक्रमित मिले और 973 लोगों की मौत हुई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 24 घंटे में 1,141 संक्रमित मिले और 139 लोगों की मौत हुई। गुजरात में शुक्रवार को 2,521 नए मामले आए और 27 लोगों की मौत हुई। राजस्थान में 2,648 नए मामले आए और 78 लोगों की मौत हुई। पश्चिम बंगाल में 12,193 नए केसेज मिले और 145 लोगों की मौत हुई। उत्तराखंड में 1,942 नए मरीज मिले और 60 लोगों की मौत हुई। मध्य प्रदेश में 1,854 नए संक्रमित मिले और 63 लोगों की मौत हुई। हिमाचल प्रदेश में 1,523 मामले आए और 64 लोगों की मौत हुई। पंजाब में 3,724 संक्रमित मिले और 148 लोगों की मौत हुई। देश के दूसरे सबसे अधिक संक्रमित राज्य कर्नाटक में शुक्रवार को 22,823 नए केसेज मिले और 401 लोगों की मौत हुई। तमिलनाडु में 31,079 मामले आए और 486 लोगों की मौत हुई। केरल में 22,318 नए मामले आए और 194 लोगों की मौत हुई। और आंध्र प्रदेश में 14,429 नए संक्रमित मिले और 103 लोगों की मौत हुई।
Published

और पढ़ें