समाचार मुख्य

वैक्सीन लगाने का ट्रायल अगले हफ्ते

ByNI Desk,
Share
वैक्सीन लगाने का ट्रायल अगले हफ्ते
नई दिल्ली। अभी तक भारत सरकार ने कोरोना वायरस के रोकने वाली किसी वैक्सीन को इमरजेंसी इस्तेमाल की मंजूरी नहीं दी है और न अभी तक इस बारे में कोई खबर है कि सरकार ने कितनी डोज खरीदने का सौदा किया है पर उससे पहले वैक्सीन लगाने के लिए ट्रायल शुरू होने वाला है। टीका लगाने के लिए जरूरी प्रक्रिया का पालन कैसे होगा, इसका ट्रायल चार राज्यों में अगले हफ्ते शुरू होगा। केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को इसके बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अगले हफ्ते चार राज्यों- आंध्र प्रदेश, असम, गुजरात और पंजाब में दो दिन का ट्रायल होगा। मंत्रालय की ओर से बताया गया कि सरकार उन सभी लोगों को ट्रेनिंग दे चुकी है, जो वैक्सीनेशन के दौरान पूरा प्रबंधन संभालेंगे। इसके लिए वैक्सीन हैंडलर और एडमिनिस्ट्रेटर की श्रेणी बना कर एक ट्रेनिंग मॉड्यूल तैयार किया गया था। इनमें एक चिकित्सा अधिकारी होगा, एक वैक्सीनेटर होगा इसके अलावा एक वैकल्पिक वैक्सीनेटर भी होगा साथ ही कोल्ड चेन को संभालने वाला एक व्यक्ति होगा। इस ट्रेनिंग मॉड्यूल के मुताबिक वैक्सीन लगाने वाली टीम में एक सुपरवाइजर, डाटा मैनेजर, आशा कोऑर्डिनेटर और कुछ दूसरे लोग शामिल किए गए हैं। ये सारे लोग अलग-अलग स्तर पर टीका लगाने की प्रक्रिया में शामिल रहेंगे। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश भर में चली ट्रेनिंग में सभी पहलुओं को शामिल किया गया है। इसके लिए देश भर में 2,360 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया है। अब तक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रशिक्षण का काम पूरा हो चुका है। इसमें जिला स्तर पर सात हजार ट्रेनी शामिल हुए। देश के 681 जिलों में 50 हजार के करीब चिकित्सा अधिकारी ट्रेनिंग ले चुके हैं। इसी तरह करीब डेढ़ हजार प्रखंडों में वैक्सीनेशन टीम का प्रशिक्षण पूरा हो गया है और बाकी जगह इसकी कवायद चल रही है। आठ करोड़ के करीब संक्रमित दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या में तेजी से हो रही बढ़ोतरी के बीच दुनिया में संक्रमितों की संख्या आठ करोड़ के करीब पहुंच गई है। शुक्रवार को देर रात तक यह संख्या आठ करोड़ पहुंच जाएगी। भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में दुनिया भर में साढ़े छह लाख के करीब मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या का सात करोड़ 98 लाख 93 हजार से ज्यादा हो गया। शुक्रवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में 11 हजार लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 17 लाख 52 हजार से ज्यादा हो गई। दुनिया में सबसे ज्यादा संक्रमित देश अमेरिका में तीन दिन के बाद शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या दो लाख से नीचे रही। भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में एक लाख 90 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक करोड़ 91 लाख 17 हजार से ज्यादा हो गई। अमेरिका में शुक्रवार को रात नौ बजे तक 2,748 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या तीन लाख 37 हजार 81 हो गई। दुनिया में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित देश ब्राजील में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन संक्रमितों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी हुई। भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक ब्राजील में 60 हजार के करीब नए केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 74 लाख 25 हजार से ज्यादा हो गई थी। ब्राजील में शुक्रवार को रात नौ बजे 768 लोगों के मरने वालों की खबर आई, जिसके बाद मरने वालों संख्या एक लाख 90 हजार 32 हो गई थी। दुनिया में चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में संक्रमितों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या एक बार फिर 29 हजार से ऊपर रही। शुक्रवार को रूस में 29,018 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 29 लाख 92 हजार से ऊपर पहुंच गई। रूस में मरने वालों की संख्या 53,659 हो गई है। संक्रमितों के आंकड़े वर्ल्डमीटर्स की वेबसाइट की सूचना पर आधारित हैं।
Published

और पढ़ें