समाचार मुख्य

मरने वालों का आंकड़ा 12 हजार!

ByNI Desk,
Share
मरने वालों का आंकड़ा 12 हजार!
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है और इसके साथ ही इसके संक्रमण से मरने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। शुक्रवार की शाम से लेकर शनिवार की शाम तक करीब डेढ़ हजार लोगों की मौत हुई है, जिससे शनिवार की शाम तक मरने वालों का आंकड़ा 12 हजार के करीब पहुंच गया है। अकेले स्पेन में शनिवार को 233 लोगों की मौत हुई है। वहां मरने वालों की संख्या 1378 पहुंच गई है। ईरान में अब तक 1556 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस का संक्रमण शनिवार तक कुल 186 देशों में फैल चुका है। शनिवार शाम तक दो लाख 88 हजार 11 मामले सामने आ चुके हैं और 11, 949 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच खबर है कि राहत की बात यह है कि 93,617 लोग ठीक हुए हैं। स्पेन में शनिवार को 233 लोगों की मौत हो गई। फ्रांस के पूर्वी हिस्से में मरीजों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि वहां के अस्पतालों में जगह नहीं बची है। खबर है कि 1,82,445 लोग अस्पतालों में भरती हैं, जिनमें 81 सौ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। खबर है कि अमेरिकी उप राष्ट्रपति माइक पेंस का एक कर्मचारी भी संक्रमित पाया गया है। अमेरिकी उप राष्ट्रपति पेंस की प्रेस सेक्रेटरी केटी मिलर ने संक्रमित होने की जानकारी दी। मिलर ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पेंस के बीच बीते दिनों में कोई संपर्क नहीं हुआ है। व्हाइट हाउस ने किसी भी व्यक्ति की एंट्री के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। इस बीच ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका में नेशनल लॉकडाउन की फिलहाल जरूरत नहीं है। अमेरिका में मरने वालों की संख्या 275 तक पहुंच चुकी है। न्यूयॉर्क में कोरोना संक्रमितों की संख्या पांच हजार से ऊपर पहुंच चुकी है। यह अमेरिका के कुल मामलों का एक तिहाई है। न्यूयार्क के मेयर बिल डि ब्लासियो के मुताबिक, शहर अमेरिका के एपिसेंटर के रूप में सामने आ रहा है। यह बताते हुए अच्छा नहीं लग रहा, लेकिन यह सच है। यहां 29 लोगों की मौत हो चुकी है। यह संख्या तेजी से बढ़ सकती है। अमेरिका में योसेमाइट नेशनल पार्क को बंद कर दिया गया है। यहां देश में सबसे ज्यादा पर्यटक आते हैं।
Published

और पढ़ें