समाचार मुख्य

कोरोना केसेज में गिरावट जारी

ByNI Desk,
Share
कोरोना केसेज में गिरावट जारी
नई दिल्ली। दुनिया के देशों में भले कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं और एक दिन में सात लाख से ज्यादा केसेज आ रहे है पर भारत में कोरोना वायरस के मामले लगातार कम हो रहे हैं। भारत सरकार का यह भी दावा है कि ब्रिटेन में मिला वायरस का नया स्ट्रेन भारत नहीं पहुंचा है और इससे घबराने की जरूरत नहीं है। तभी घबराहट में जिन राज्यों ने नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया था वे उसमें ढील दे रहे हैं या फैसला बदल रहे हैं। कर्नाटक ने फैसला बदल दिया तो पंजाब ने क्रिसमस और उसके बाद दो 25 से 27 तक शहीदी दिवस के लिए नाइट कर्फ्यू हटा दिया। बहरहाल, ब्रिटेन में नया स्ट्रेन मिलने का सिर्फ यह असर हुआ है कि ब्रिटेन की उड़ानें बंद हो गई हैं। विमानन मंत्रालय ने वंदे भारत मिशन की उड़ानें भी स्थगित कर दी हैं। इस बीच गुरुवार को भारत में लगातार चौथे दिन संक्रमितों की संख्या में बड़ी कमी आई। बुधवार को पूरे देश में 22 हजार के करीब केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या एक करोड़ एक लाख 46 हजार के करीब पहुंच गई है। देश में अब एक्टिव केसेज की संख्या कम होकर दो लाख 80 हजार के करीब रह गई है, जबकि 97 लाख से ज्यादा लोग इलाज से ठीक हो चुके हैं। भारत के लगभग सभी राज्यों में केसेज कम हो रहे हैं पर केरल में संक्रमण पर काबू नहीं पाया जा सका है। गुरुवार को केरल में पांच हजार से ज्यादा मामले आए। राज्य 5,177 नए मामले आए, जिसके बाद केरल में संक्रमितों की संख्या सात लाख 26 हजार 688 हो गई। राज्य में एक्टिव केसेज की संख्या करीब 63 हजार हो गई है, जबकि देश में सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में एक्टिव केसेज की संख्या 53 हजार के करीब हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को भी संक्रमितों की संख्या काबू में रही। गुरुवार को दिल्ली में 1,063 नए केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या छह लाख 20 हजार 681 पहुंच गई। गुरुवार को दिल्ली में 37 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 10,384 हो गई। दिल्ली में गुरुवार को एक्टिव केसेज की संख्या 7,909 रह गई। राजस्थान में गुरुवार को संक्रमितों संक्रमितों की संख्या एक हजार रही। राज्य में 1,001 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या तीन लाख दो हजार 709 हो गई। राज्य में आठ लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा 2,650 पहुंच गया। दक्षिण भारत के सभी राज्यों में संक्रमितों की संख्या लगातार घट रही है। गुरुवार को तेलंगाना में 574 और आंध्र प्रदेश में 357 नए केसेज आए। तमिलनाडु में 1,035 केसेज मिले। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक गुरुवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या एक करोड़ एक लाख 23 हजार 778 थी, जिसमें से एक लाख 46 हजार 756 लोगों की मौत हो चुकी है। कर्नाटक में नाइट कर्फ्यू का आदेश वापस क्रिसमस और नए साल के मौके पर पार्टी करने वाले लोगों और होटल और रेस्तरां उद्योग आदि से जुड़े लोगों के दबाव में कर्नाटक सरकार ने रात को कर्फ्यू लगाने का आदेश वापस ले लिया है। कर्नाटक सरकार ने बुधवार को फैसला किया था कि बुधवार रात से लेकर दो जनवरी तक रात का कर्फ्यू लगेगा। ब्रिटेन मे कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिलने के बाद देश के कई राज्यों ने ऐसा कदम उठाया ताकि वायरस का संक्रमण रोकने में मदद मिले। पर कर्नाटक सरकार ने 24 घंटे के अंदर ही फैसला वापस ले लिया। बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने कोविड-19 के लिए राज्य की तकनीकी सलाहकार समिति के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बुधवार रात से ही दो जनवरी तक कर्फ्यू लगाने व इसकी अवधि रात 10 बजे से सुबह छह बजे रखने की घोषणा की थी। इसे वापस लेने के फैसले की जानकारी देते हुए गुरुवार को येदियुरप्पा ने कहा- जनता की राय को देखते हुए कि रात के कर्फ्यू की कोई जरूरत नहीं थी, निर्णय की समीक्षा की गई और कैबिनेट के सहयोगियों और  वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रात के कर्फ्यू को वापस लेने का फैसला किया गया। नाइट कर्फ्यू का फैसला वापस लेने के बाद मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे कोरोनो वायरस के प्रसार को रोकने के लिए फेस मास्क का इस्तेमाल करते रहें, हाथों को नियमित अंतराल पर धोते रहें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। इससे पहले सोमवार को महाराष्ट्र ने मुंबई सहित कई बड़े शहरों में पांच जनवरी तक रात 11 बजे से सुबह छङ बजे तक नाइट कर्फ्यू की घोषणा की थी। बुधवार को ही राजस्थान सरकार ने साल के आखिरी दिन के लिए रात के कर्फ्यू का ऐलान किया।
Published

और पढ़ें