समाचार मुख्य

आंध्र में आंकड़ा दो लाख के पार!

ByNI Desk,
Share
आंध्र में आंकड़ा दो लाख के पार!
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 20 लाख का आंकड़ा पार करने के अगले ही दिन 20 लाख 80 हजार पहुंच गई है। इस बीच शुक्रवार को एक और राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा दो लाख से पार चला गया। आंध्र प्रदेश में 10,171 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या दो लाख छह हजार 960 हो गई। महाराष्ट्र के बाद अब सबसे ज्यादा नए संक्रमित आंध्र प्रदेश में मिल रहे हैं।  बहरहाल, देश में गुरुवार को कोरोना संक्रमितों की संख्या 20 लाख पहुंची थी। उसके अगले दिन शुक्रवार को देर रात तक 57 हजार नए संक्रमित मिले थे, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 20 लाख 80 हजार से ज्यादा हो गई। शुक्रवार को भारत लगातार पांचवें दिन दुनिया में सबसे ज्यादा नए संक्रमितों वाला देश रहा। भारत में एक्टिव केसेज की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है और शुक्रवार की रात को यह छह लाख 14 हजार से ऊपर पहुंच गई। शुक्रवार को रात नौ बजे तक देश भर से आठ सौ लोगों के मरने की खबर आई, जिसके बाद देश भर में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 42,440 पहुंच गई। देश में सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या में थोड़ी कमी आई। राज्य में 10,483 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या चार लाख 90 हजार 262 हो गई। राज्य में तीन सौ लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 17,092 पहुंच गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या में थोड़ी कमी आई। राज्य में 1,192 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख 42 हजार 723 हो गई। बिहार में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन तीन हजार से ज्यादा मामले आए। राज्य में 3,646 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 71,794 पहुंच गई। देश में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य तमिलनाडु में शुक्रवार को 5,880 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या दो लाख 85 हजार 24 हो गई है। तेलंगाना में 2,207 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 75,257 हो गई। राजस्थान में 422 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 49,418 हो गई। उत्तर प्रदेश में लगातार चौथे दिन चार हजार से ज्यादा मामले आए। राज्य में 4,404 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख 13 हजार 378 हो गई। ओड़िशा में 1,853 नए मामले आए और केरल में 1,251 नए संक्रमित मिले। मध्य प्रदेश में 734 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 37,298 हो गई। कर्नाटक में शुक्रवार को 6,607 नए मामले आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या एक लाख 64 हजार 924 हो गई। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक शुक्रवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 20 लाख 27 हजार 74 थी, जिसमें से 41,585 लोगों की मौत हो चुकी है।
Published

और पढ़ें