समाचार मुख्य

नवंबर में डेढ़ करोड़ से ज्यादा मामले

ByNI Desk,
Share
नवंबर में डेढ़ करोड़ से ज्यादा मामले
नई दिल्ली। पूरी दुनिया में पिछले एक साल से कोरोना वायरस का कहर फैला हुआ है पर इस साल नवंबर का महीना दुनिया पर बहुत भारी पड़ा है। इस साल नवंबर महीने में 29 दिन में एक करोड़ 70 लाख के करीब नए मामले आए हैं। यह अपने आप में एक रिकार्ड है। पूरे साल में आए कुल मामलों में एक चौथाई से ज्यादा मामले सिर्फ इस साल नवंबर में आए हैं। नवंबर के महीने में हर दिन औसतन पौने छह लाख के करीब मामले आए हैं, जबकि इससे एक महीने पहले अक्टूबर में दुनिया में औसतन पौने चार लाख के करीब मामले आ रहे थे। बहरहाल, भारतीय समय के मुताबिक रविवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में दुनिया भर में संक्रमितों की संख्या में साढ़े पांच लाख की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद दुनिया भर में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर छह करोड़ 27 लाख 29 हजार से ज्यादा हो गई। दुनिया भर में हर दिन औसतन तीन से छह हजार तक मौतें हो रही हैं। परंतु भारतीय समय के मुताबिक रविवार को रात नौ बजे तक दुनिया भर में आठ हजार लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 14 लाख 60 हजार से ऊपर पहुंच गई। दुनिया भर में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा संक्रमित अमेरिका में संक्रमितों की संख्या में थोड़ी कमी आई। भारतीय समय के मुताबिक रविवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में अमेरिका में डेढ़ लाख नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक करोड़ 36 लाख 12 हजार से ज्यादा हो गई। अमेरिका में रिकार्ड संख्या में मौतें भी हो रही हैं। रविवार को मरने वालों की संख्या में भी कमी आई। भारतीय समय के मुताबिक रात नौ बजे तक 1,172 मौतें हुईं, जिसके बाद मरने वालों की संख्या दो लाख 72 हजार 269 हो गई। दुनिया में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित देश ब्राजील में रविवार को संक्रमितों की संख्या में रिकार्ड बढ़ोतरी हुई। भारतीय समय के मुताबिक रविवार को रात नौ बजे तक ब्राजील में 52 हजार नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 62 लाख 90 हजार से ज्यादा हो गई। ब्राजील में रविवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में 639 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद मरने वालों की संख्या एक लाख 72 हजार 637 हो गई। दुनिया में चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में संक्रमितों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। रविवार को हालांकि रूस में संक्रमितों की संख्या 27 हजार से नीचे रही। शनिवार को रूस में 26,683 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 22 लाख 69 हजार से ऊपर पहुंच गई। रूस में मरने वालों की संख्या 39,527 हो गई है। संक्रमितों के आंकड़े वर्ल्डमीटर्स की वेबसाइट की सूचना पर आधारित हैं।
Published

और पढ़ें