समाचार मुख्य

संक्रमण में बड़ी कमी

ByNI Desk,
Share
संक्रमण में बड़ी कमी
नई दिल्ली। सोमवार को कोराना वायरस के संक्रमितों की संख्या में बड़ी कमी आई। आमतौर पर रविवार को कम सैंपल की जांच होती है इसलिए सोमवार को संक्रमितों की संख्या कम होती है। और वैसे भी पिछले दो हफ्ते से संक्रमितों की रोजाना संख्या में लगातार गिरावट हो रही है। सोमवार को देर रात तक देश भर में 50 हजार के करीब संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 71 लाख 68 हजार 805 पहुंच गई। पूरे देश में 647 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या एक लाख नौ हजार 832 हो गई। देर रात तक असम, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड सहित कई राज्यों के आंकड़े अपडेट नहीं हुए थे। इनके आंकड़े आने के बाद संक्रमितों और मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में 7,089 नए केसेज मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 15 लाख 35 हजार 315 हो गई। महाराष्ट्र में सोमवार 15,656 लोग ठीक हुए। यानी जितने नए केसेज आए, उससे दोगुने से ज्यादा लोग ठीक हुए। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को 1,849 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या तीन लाख 11 हजार 128 पहुंच गई। दक्षिण के राज्यों में अब सबसे तेजी से कर्नाटक में मामले बढ़ रहे हैं। राज्य में सोमवार को 7,605 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या सात लाख 17 हजार 915 हो गई। इसी तरह केरल में भी संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। केरल में सोमवार को 5,930 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या दो लाख 95 हजार 133 हो गई। आंध्र प्रदेश में सोमवार को 3,224 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या सात लाख 58 हजार 951 हो गई। उत्तर प्रदेश में 2,182 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या चार लाख 39 हजार 161 हो गई। देश के तीसरे सबसे संक्रमित तमिलनाडु में सोमवार को 4,879 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या छह लाख 61 हजार 264 हो गई है। ओड़िशा में सोमवार को 2,423 नए मामले आए और बिहार में 732 नए संक्रमित मिले। राजस्थान में 2,132 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक लाख 61 हजार 184 हो गई। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक रविवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 71 लाख 20 हजार 538 थी, जिसमें से एक लाख नौ हजार 150 लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में 80 लाख संक्रमित दुनिया भर में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में संक्रमितों की संख्या 80 लाख पहुंच गई है। भारतीय समय के मुताबिक सोमवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में 46 हजार से ज्यादा नए मामले आए, जिसके बाद अमेरिका में संक्रमितों की कुल संख्या 79 लाख 99 हजार से ऊपर पहुंच गई। देर रात यह संख्या 80 लाख का आंकड़ा पार कर जाएगी। जहां तक मरने वालों की संख्या का सवाल है तो सोमवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में 390 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा दो लाख 19 हजार 791 हो गया। जहां तक दुनिया भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या का सवाल है तो भारतीय समय के मुताबिक सोमवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में सवा तीन लाख से ज्यादा नए मामले मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर तीन करोड़ 78 लाख 93 हजार से ज्यादा हो गई। जहां तक मरने वालों की संख्या का सवाल है तो दुनिया भर में हर दिन औसतन तीन से छह हजार तक मौतें हो रही हैं। भारतीय समय के मुताबिक सोमवार को रात नौ बजे तक दुनिया भर में पांच हजार से ज्यादा लोगों के मरने की खबर आई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या दस लाख 83 हजार से ऊपर पहुंच गई। दुनिया में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित देश ब्राजील में सोमवार को संक्रमितों की संख्या में औसतन से थोड़ी कम बढ़ोतरी हुई। भारतीय समय के मुताबिक सोमवार को रात नौ बजे तक ब्राजील में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 50 लाख 94 हजार से ज्यादा हो गई। पिछले 24 घंटे में ब्राजील में 270 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या एक लाख 50 हजार 506 हो गई। दुनिया के चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में लगातार दूसरे दिन 24 घंटे में 13 हजार से ज्यादा नए संक्रमित सामने आए। भारतीय समय के मुताबिक सोमवार को रात नौ बजे तक रूस में 13,592 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 13 लाख 12 हजार से ऊपर पहुंच गई। रूस में मरने वालों की संख्या 22,722 हो गई है। संक्रमितों के आंकड़े वर्ल्डमीटर्स की वेबसाइट की सूचना पर आधारित हैं।
Published

और पढ़ें