समाचार मुख्य

दो दिन में एक लाख मामले

ByNI Desk,
Share
दो दिन में एक लाख मामले
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या 13 लाख से ज्यादा हो गई है। 12 लाख का आंकड़ा आने के बाद सिर्फ दो दिन में एक लाख नए संक्रमित आए और दूसरे ही दिन संख्या 13 लाख से ऊपर पहुंच गई। संक्रमितों की रोजाना की संख्या के लिहाज से भारत अब अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 31 हजार से ज्यादा हो गई है। देश में कोरोना संक्रमण का पहला मामला 30 जनवरी को आया था। इसके एक लाख पहुंचने में 110 दिन लगे। दस मई को यह संख्या बढ़ कर एक लाख पहुंची थी। इसके बाद 15 दिन में ही आंकड़ा दो लाख के पार हो गया। फिर संक्रमितों की संख्या दो से बढ़ कर तीन लाख होने में सिर्फ दस दिन लगे। तीन से चार लाख मामले होने में आठ  दिन और चार से पांच लाख मामले होने में सिर्फ छह दिन लगे। संक्रमितों की संख्या आठ से 12 लाख पहुंचने में सिर्फ 12 दिन लगे। यानी तीन दिन में एक लाख मामले आए। इस बार 12 लाख से 13 लाख मामले होने में सिर्फ दो दिन लगे। बहरहाल, शुक्रवार की देर शाम तक देश भर में 45 हजार नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 13 लाख 33 हजार से ज्यादा हो गई। देश में सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में शुक्रवार को 9,615 नए संक्रमित सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या तीन लाख 57 हजार 117 हो गई। शुक्रवार को महाराष्ट्र में 278 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 13,132 पहुंच गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या कम होने का सिलसिला जारी रहा। राज्य में 1,025 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक लाख 28 हजार 389 हो गई। आंध्र प्रदेश में शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या आठ हजार से ऊपर पहुंच गई। राज्य में 8,147 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 80,870 हो गई। देश के दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य तमिलनाडु में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन संक्रमितों की संख्या छह हजार से ज्यादा रही। राज्य में 6,785 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख 99 हजार 749 पहुंच गई। कर्नाटक में रिकार्ड संख्या में 5,007 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 85,870 हो गई। पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को 2,216 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 53,973 पहुंच गई। बिहार में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन डेढ़ हजार से ज्यादा नए संक्रमित मिले और वहां संक्रमितों की संख्या 33,511 पहुंच गई। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन ढाई हजार से ज्यादा मामले आए। राज्य में संक्रमितों की संख्या 60 हजार से ज्यादा हो गई है। ओड़िशा में डेढ़ हजार और केरल में 885 मामले आए गुजरात में 1,068 मामले आए। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक शुक्रवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 12 लाख 87 हजार 936 थी, जिसमें से 30,601 लोगों की मौत हो चुकी है। जांच में सबसे पीछे भारत! कोरोना वायरस के संक्रमितों की रोजाना बढ़ती संख्या में भारत अब दूसरे स्थान पर है लेकिन टेस्टिंग के मामले में भारत दुनिया के बाकी देशों से बहुत पीछे है। सबसे ज्यादा संक्रमितों की संख्या वाले शीर्ष दस देशों में से आठ देशों में भारत के मुकाबले बहुत ज्यादा टेस्टिंग हो रही है। मैक्सिको इकलौता देश है, जहां भारत से कम टेस्टिंग हो रही है। भारत में अभी तक कुल एक फीसदी लोगों की टेस्टिंग हो रही है, इस लिहाज से आंकड़ा दस लाख की आबादी में दस हजार की टेस्टिंग का है। भारत में अभी तक हर दस लाख की आबादी में 11,173 लोगों की जांच हुई है और इनमें 947 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इतनी ही आबादी में 22 लोगों की मौत हो रही है। अच्छी खबर यह है कि तेजी से बढ़ते संक्रमण के मामलों के बीच ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। अब देश में कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट 63.45 फीसदी हो गई है और मरने वालों की दर थोड़ी और कम होकर 2.38 फीसदी हो गई है। बहरहाल, सबसे ज्यादा संक्रमित दस देशों में होने वाली टेस्टिंग की तुलना यदि भारत से की जाए तो मैक्सिको के बाद भारत ही दूसरा देश है, जहां सबसे कम लोगों की जांच हो रही है। इस मामले में इंग्लैंड पहले नंबर पर है, जहां हर 10 लाख की आबादी में 1.93 लाख लोगों की जांच हुई है। रूस में इतनी ही आबादी में 1.69 लाख और अमेरिका में 1.43 लाख लोगों की जांच हुई है। भारत में हर 10 लाख की आबादी में 10 हजार लोगों की जांच हुई है। मैक्सिको में यह संख्या 6,195 है।
Published

और पढ़ें