समाचार मुख्य

शुक्रवार को दो लाख संक्रमित

ByNI Desk,
Share
शुक्रवार को दो लाख संक्रमित
नई दिल्ली। दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या में रिकार्ड बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को एक दिन में दो लाख नए संक्रमित सामने आए हैं। भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक 24 घंटे में दो लाख के करीब नए मामले आए। शुक्रवार की शाम तक दुनिया भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक करोड़ 10 लाख 54 हजार से ज्यादा हो गई। शुक्रवार की शाम तक इलाज से ठीक होने वालों की संख्या 61 लाख 91 हजार से ऊपर पहुंच गई। दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या में तेजी से हो रही बढ़ोतरी के बीच संक्रमण से मरने वालों की संख्या में हर दिन औसतन तीन से पांच हजार की बढ़ोतरी हो रही थी। शुक्रवार की शाम तक 24 घंटे में दुनिया भर में पांच हजार के करीब लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा पांच लाख 25 हजार से ज्यादा हो गया। दुनिया में सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिकी में संक्रमितों की संख्या का नया रिकार्ड बना। अमेरिका में शुक्रवार की शाम तक पिछले 24 घंटे में 60 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 28 लाख 55 हजार से ज्यादा हो गई थी। भारतीय समय के हिसाब से शुक्रवार की शाम तक अमेरिका में एक लाख 31 हजार 666 लोगों की मौत हो चुकी थी। अमेरिका के बाद दूसरे सबसे ज्यादा प्रभावित ब्राजील में भी संक्रमितों की संख्या में रिकार्ड बढ़ोतरी हुई है। वहां संक्रमितों की संख्या 15 लाख दो हजार से कुछ ज्यादा हो गई है। ब्राजील में शुक्रवार की शाम तक 24 घंटे में 45 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए। वहां मरने वालों की संख्या 62 हजार 45 हो गई है। तीसरे सबसे ज्यादा प्रभावित देश रूस में शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या स्थिर रही। रूस में शुक्रवार को 6,718 नए संक्रमित मिले। अब वहां छह लाख 67 हजार 883 लोग संक्रमित हुए हैं। देश में अब तक 9,859 लोगों की मौत हो चुकी है।
Published

और पढ़ें