समाचार मुख्य

एक दिन में सात लाख संक्रमित!

ByNI Desk,
Share
एक दिन में सात लाख संक्रमित!
नई दिल्ली। दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या हर दिन नया रिकार्ड बना रही है। साढ़े छह करोड़ का आंकड़ा पार करने के एक दिन बाद शुक्रवार को दुनिया भर में करीब सात लाख नए संक्रमित मिले हैं। पहली बार एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में संक्रमित मिले हैं। भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक दुनिया भर में छह लाख 90 हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज किए गए, जिसके बाद दुनिया भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ कर छह करोड़ 57 लाख 37 हजार से ऊपर पहुंच गई। इस बीच दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 15 लाख का आंकड़ा पार कर गई है। पूरी दुनिया में हर दिन औसतन तीन से छह हजार तक मौतें हो रही हैं। परंतु भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक दुनिया भर में 12 हजार लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 15 लाख 15 हजार से ऊपर पहुंच गई। दुनिया भर में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा संक्रमित अमेरिका में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन दो लाख से ज्यादा संक्रमित मिले। भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में अमेरिका में दो लाख 20 हजार के करीब नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर एक करोड़ 45 लाख 46 हजार से ज्यादा हो गई। शुक्रवार को मरने वालों की संख्या में भी भारी बढ़ोतरी हुई। भारतीय समय के मुताबिक रात नौ बजे तक लगातार दूसरे दिन तीन हजार के करीब मौतें हुईं। अमेरिका में 2,978 मौतें हुईं, जिसके बाद मरने वालों की संख्या दो लाख 83 हजार 31 हो गई। दुनिया में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित देश ब्राजील में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन संक्रमितों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी हुई। भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक ब्राजील में 51 हजार नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 64 लाख 87 हजार से ज्यादा हो गई। ब्राजील में शुक्रवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में 776 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद मरने वालों की संख्या एक लाख 75 हजार 307 हो गई। दुनिया में चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में संक्रमितों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या 27 हजार के आंकड़े के ऊपर रही। शुक्रवार को रूस में 27,403 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 24 लाख दो हजार से ऊपर पहुंच गई। रूस में मरने वालों की संख्या 42,176 हो गई है। संक्रमितों के आंकड़े वर्ल्डमीटर्स की वेबसाइट की सूचना पर आधारित हैं।
Published

और पढ़ें