समाचार मुख्य

अमेरिका में भारत से दोगुना संक्रमण!

ByNI Desk,
Share
अमेरिका में भारत से दोगुना संक्रमण!
नई दिल्ली। कुछ दिन पहले ऐसा लग रहा था कि भारत जल्दी ही अमेरिका को पीछे छोड़ कर दुनिया का सर्वाधिक संक्रमित देश बन जाएगा। पर अचानक अमेरिका में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैलने लगा है। अमेरिका में अब हर दिन भारत के मुकाबले लगभग दोगुने केस आ रहे हैं। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक अमेरिका में हर सेकेंड में एक नया मामला आ  रहा है। उसके मुताबिक गुरुवार को अमेरिका में 90 हजार नए केसेज आए। अमेरिका में संक्रमितों की संख्या 92 लाख से ऊपर पहुंच गई है। उधर यूरोप के कई देशों में संक्रमण की दूसरी लहर आई हुई है। सबसे पहले कोरोना पर काबू पाने वाले देशों में से एक ताइवान में अप्रैल के बाद पहली बार संक्रमण का एक मामला आया है। इस बीच दुनिया में भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के पांच लाख से ज्यादा मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर चार करोड़ 55 लाख 23 हजार से ज्यादा हो गई। जहां तक मरने वालों की संख्या का सवाल है तो दुनिया भर में हर दिन औसतन तीन से छह हजार तक मौतें हो रही हैं। परंतु भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक दुनिया भर में सात हजार से ज्यादा लोगों के मरने की खबर आई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 11 लाख 88 हजार से ऊपर पहुंच गई। दुनिया भर में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में 87 हजार से ज्यादा नए मामले आए, जिसके बाद अमेरिका में संक्रमितों की कुल संख्या 92 लाख 23 हजार से ऊपर पहुंच गई। जहां तक मरने वालों की संख्या का सवाल है तो शुक्रवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में 1,013 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा दो लाख 34 हजार 350 हो गया। दुनिया में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित देश ब्राजील में शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या में औसत के थोड़ी कम बढ़ोतरी हुई। भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को रात नौ बजे तक ब्राजील में 27 हजार नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 54 लाख 96 हजार से ज्यादा हो गई। पिछले 24 घंटे में ब्राजील में 565 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या एक लाख 59 हजार 33 हो गई। दुनिया में चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार को पहली बार संक्रमितों की संख्या 18 हजार से ऊपर पहुंची। रूस में 24 घंटे में 18,283 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 16 लाख के करीब पहुंच गई। रूस में मरने वालों की संख्या 27,656 हो गई है। संक्रमितों के आंकड़े वर्ल्डमीटर्स की वेबसाइट की सूचना पर आधारित हैं।
Published

और पढ़ें