समाचार मुख्य

दुनिया में एक लाख 21 हजार मौतें!

ByNI Desk,
Share
दुनिया में एक लाख 21 हजार मौतें!
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संक्रमण से दुनिया भर में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो रही है। मंगलवार की शाम तक दुनिया भर में इस वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़ कर एक लाख 21 हजार से ऊपर चली गई। दुनिया भर में इस वायरस से अब तक 19 लाख 46 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। मंगलवार की शाम तक एक लाख 21 हजार 704 की मौत हो चुकी है। इस दौरान इलाज से चार लाख 60 हजार से ज्यादा लोग ठीक हुए हैं। इस समय 13 लाख 64 हजार से कुछ ज्यादा एक्टिव मामले हैं, जिनमें से 51 हजार मामले गंभीर हैं। यूरोपीय देशों में इटली में मरने वालों की संख्या 20 हजार से ज्यादा हो गई है, जबकि स्पेन में साढ़े 18 हजार से कुछ ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। दुनिया में एक दिन में करीब तीन हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है। अमेरिका में संक्रमण का आंकड़ा बढ़ कर पांच लाख 87 हजार 815 पहुंच गया है। अकेले न्यूयार्क शहर में एक लाख 95 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं और मंगलवार को यह आंकड़ा दो लाख पार करने का अंदेशा है। अमेरिका में कोरोना वायरस से अब तक 23,654 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें अकेले न्यूयॉर्क में 10 हजार से ज्यादा जान गई है। अमेरिका में सोमवार को 1,535 लोगों की मौत हुई और 26,641 नए मामले सामने आए। इस बीच कोरोना वायरस को रोकने के लिए ब्रिटेन में लागू लॉकडाउन की अवधि सात मई तक बढ़ाई जाएगी। गुरुवार को इसकी घोषणा हो सकती है। इटली में सोमवार को 566 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही देश में कुल मौतें 20 हजार 465 हो गई। अमेरिका के बाद इटली दूसरा देश हैं, जहां 20 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई है। उधर विश्व स्वास्थ्य संगठन, डब्लुएचओ ने कोरोना वायरस को स्वाइन फ्लू से दस गुना घातक बताया है साथ ही सरकारों को लॉकडाउन या अन्य प्रतिबंध अचानक न हटाने की सलाह दी है। संगठन के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस एडेनम घेब्रियेसस के मुताबिक, कोरोना संक्रमितों की स्वाइन फ्लू के मुकाबले दस गुना ज्यादा मौतें हो रही हैं। यह भीड़ वाले इलाकों में ज्यादा तेजी से फैलता है। उन्होंने कहा कि संक्रमण रोकने के लिए संक्रमित लोगों का पता लगाना, जांच और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने वाले हर व्यक्ति की पहचान जरूरी है।
Published

और पढ़ें