समाचार मुख्य

दबाव बढ़ा तो चीन ने बदला आंकड़ा

ByNI Desk,
Share
दबाव बढ़ा तो चीन ने बदला आंकड़ा
बीजिंग/वुहान। कोरोना वायरस के दुनिया भर में बढ़ते संक्रमण के बीच जब चीन पर जानकारी छिपाने का आरोप लगने लगे और दबाव बढ़ा तो उसने आंकड़ा बदल दिया है। उसने कोरोना वायरस की उत्पत्ति की जगह वुहान में मरने वालों की संख्या में 50 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है। पहले चीन ने वुहान में सिर्फ ढाई हजार लोगों की मौत होने का आंकड़ा दिया था। पर अब उसने कहा है कि 1,290 और लोगों की मौत हुई है। यानी अब अकेले वुहान में 38 सौ से ज्यादा लोगों के मरने का आंकड़ा हो गया। चीन के आंकड़ा बदलने के बाद पूरे देश में मरने वालं की संख्या 4,632 हो गई है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, वुहान नगरपालिका मुख्यालय ने शुक्रवार को कोविड-19 के पुष्ट किए गए मामलों और बीमारी के कारण होने वाली मौतों की संख्या को संशोधित किया। वुहान में 16 अप्रैल तक कोरोना वायरस के पुष्ट किए गए कुल मामलों में 325 की बढ़ोतरी की गई है। इस तरह अब वुहान में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 50,333 हो गई है। मरने वालों की संख्या में 1,290 की बढ़ोतरी की गई। इस तरह कोरोना वायरस से वुहान  मौतों की पुष्टि के बाद मरने वालों की संख्या 3,869 हो गई। संशोधित आंकड़े के मुताबिक चीन में कोविड-19 से हुई मौतों की कुल संख्या बढ़ कर 4,632 हो गई है। कुल मामलों की संख्या भी बढ़ कर 82,692 हो गई है। वुहान नगरपालिका मुख्यालय ने एक अधिसूचना में कहा कि संशोधन संबंधित कानूनों और नियमों और इतिहास, लोगों और मृतकों के प्रति जिम्मेदार होने के सिद्धांत के अनुसार किए गए हैं। गौरतलब है कि कोरोना वायरस के मामलों की संख्या और इसकी गंभीरता को कथित तौर पर छिपाने को लेकर अमेरिका और दूसरे देश चीन की तीखी आलोचना कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले दिसंबर में वुहान शहर से कोरोना वायरस का संक्रमण फैलना शुरू हुआ था। ऐसा कहा जा रहा है कि यह वुहान के स्थानीय हुनान सी फूड मार्केट से फैला। चीन में तबाही मचाने के बाद अब यह संक्रमण दुनिया भर में फैल चुका है। चीन ने माना है कि कई मामलों में मौत का कारण जानने में गलती हुई या कई मामलों का पता ही नहीं चल पाया।
Published

और पढ़ें