समाचार मुख्य

मोदी ने मंत्रियों की लगाई ड्यूटी

ByNI Desk,
Share
मोदी ने मंत्रियों की लगाई ड्यूटी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्रियों को अलग अलग राज्यों से कोरोना वायरस के संक्रमितों का डाटा जुटाने और उनके इलाज के बारे में पूरी जानकारी लेते रहने की जिम्मेदारी दी है। कैबिनेट मंत्रियों से कहा गया है कि वे अपने प्रभार वाले राज्य के हर जिले के कलेक्टर और दूसरे अधिकारियों से रोज बात करेंगे और गृह व स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देश पर अमल के बारे में फीडबैक लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी निर्देश दिया है कि किसी भी राज्य में जरूरी सामान में दिक्कत न हो। साथ ही बाहर से वापस आए लोगों की जानकारी जुटाने के लिए भी उन्होंने कहा है। मोदी ने मंत्रियों से कहा है कि जिस राज्य का उनको दायित्व दिया गया है वहां के कितने जिलों में कितने कोरोना पॉजिटिव हैं, कितने क्वरैंटाइन में है उसकी विस्तृत जानकारी उनको दी जाए। राज्य प्रभारियों की जिम्मेदारी में स्वैब टेस्टिंग सुविधा की जानकारी जुटाना शामिल है। इन सभी को हर दिन पीएमओ को जानकारी देनी होगी। प्रधानमंत्री देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश का प्रभार राजनाथ सिंह, संजीव बाल्यान, महेंद्रनाथ पांडेय और कृष्णपाल गुर्जर को दिया है। राजस्थान और पंजाब की जिम्मेदारी गजेंद्र सिंह शेखावत को दी गई है। पूर्वोत्तर के राज्य असम का दायित्व जनरल वीके सिंह को मिला है। बिहार का प्रभार रविशंकर प्रसाद और रामविलास पासवान को दिया गया है। ओड़िशा का प्रभार धर्मेंद्र प्रधान को मिला है, छत्तीसगढ़ में अर्जुन मुंडा और झारखंड में मुख्तार अब्बास नकवी मोर्चा संभालेंगे। महाराष्ट्र का प्रभार राज्य से आने वाले नेता नितिन गडकरी और प्रकाश जावडे़कर को दिया गया है।
Published

और पढ़ें