समाचार मुख्य

विदेश से इसी हफ्ते वापस आएंगे भारतीय

ByNI Desk,
Share
विदेश से इसी हफ्ते वापस आएंगे भारतीय
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने दुनिया के दूसरे देशों में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए दिशा-निर्देश और मानक संचालन प्रक्रिया जारी कर दी है। सरकार इसी हफ्ते प्रवासी भारतीयों को विशेष विमानों के जरिए निकालेगी। नागरिक विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को बताया कि 64 विशेष उड़ानों के जरिए 14 हजार से ज्यादा लोगों को निकाला जाएगा। जो लोग विदेश से लौटना चाह रहें हैं उन्हें किराए का भुगतान खुद करना होगा। सरकार ने इसके लिए किराए की दर भी तय कर दी है। हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि यूरोप से आने के लिए 50 हजार रुपए और अमेरिका से लौटने के लिए एक लाख रुपए की दर तय की गई है। पुरी ने बताया कि विदेशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए सात मई से 13 मई तक 64 विमानों का परिचालन होगा। इनमे से पहले हफ्ते में 15 उड़ानों का संचालन किया जाएगा। हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को बताया कि लंदन से मुंबई, लंदन से अहमदाबाद, लंदन से बेंगलुरु और लंदन से दिल्ली के लिए 50 हजार रुपए देने होंगे। उन्होंने बताया कि अमेरिका के तीन शहरों से उड़ानों का संचालन होगा। शिकागो से दिल्ली और हैदराबाद के लिए करीब एक लाख रुपए देने होंगे। सैन फ्रांसिस्को और नेवार्क से भी लौटने के एक-एक लाख रुपए लगेंगे। 64 विशेष उड़ानों के जरिए केंद्र सरकार विदेशों में फंसे 14 हजार 800 लोगों को वापस लाएगी। इस योजना की शुरुआत बुधवार से होगी। विशेष उड़ानें अमेरिका, कुवैत, फिलीपींस, बांग्लादेश, ब्रिटेन, सऊदी अरब, मलेशिया और संयुक्‍त अरब अमीरात भेजी जाएंग। इनमें से ज्यादातर उड़ानें एयर इंडिया की होंगी। लोगों को वापस लाने के दौरान सोशल डिस्‍टेंसिंग का कड़ाई से पालन किया जाएगा। भारत खाड़ी देशों सहित दुनिया के 12 देशों में फंसे अपने नागरिकों को लाएगा। हर दिन करीब दो हजार लोगों को लाने की योजना है। इन्हें भारत आने से पहले कुछ जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। वापसी से पहले कोरोना संक्रमण का टेस्ट कराना भी जरूरी होगा। गृह मंत्रालय के मुताबिक, सिर्फ उन लोगों को यात्रा की इजाजत मिलेगी, जिनमें संक्रमण का कोई लक्षण नहीं होगा। भारत आने के बाद भी जरूरी जांच होगी और उन्हें 14 दिन तक क्वरैंटाइन किया जाएगा।
Published

और पढ़ें