समाचार मुख्य

आप के सभी उम्मीदवार घोषित

ByNI Desk,
Share
आप के सभी उम्मीदवार घोषित
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए एक साथ ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। 14 जनवरी को मलमास खत्म होने और चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही आम आदमी पार्टी ने अपने सभी उम्मीदवार घोषित कर दिए। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निवास पर मंगलवार को हुई बैठक के बाद सूची जारी की गई। पार्टी ने अपने मौजूदा विधायकों में से 15 की टिकट काट दी है। आम आदमी पार्टी ने अपने 46 मौजूदा विधायकों को टिकट दी है। पार्टी ने इस बार आठ महिलाओं को चुनाव में उतारा है। पिछली बार आप की ओर से छह महिला उम्मीदवार मैदान में थीं। उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विट करके सभी उम्मीदवारों को शुभकामना दी। उन्होंने टिकट से वंचित रह गए नेताओं से कहा कि असंतुष्ट होकर बैठे नहीं क्योंकि दिल्ली के लोगों को आप से बड़ी उम्मीदें हैं। बहरहाल, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी नई दिल्ली सीट से तीसरी बार किस्मत आजमाने उतरेंगे। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी अपनी पुरानी पटपड़गंज सीट से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने दूसरी पार्टियों से लाए गए सभी नेताओं को टिकट दे दी है। दिल्ली में भाजपा को छोड़ कर लगभग सभी पार्टियों से चुनाव लड़ चुके शुएब इकबाल को आप ने मटिया महल सीट से टिकट दी है। कांग्रेस नेता महाबल मिश्र के बेटे विनय मिश्र को द्वारका से, कांग्रेस से दो बार विधायक रहे राम सिंह नेताजी को बदरपुर से और चांदनी चौक से कई बार कांग्रेस के विधायक रहे प्रहलाद सिंह साहनी को पार्टी ने चांदनी चौक से उम्मीदवार बनाया है। महाबल मिश्र के बेटे विनय मिश्र को टिकट देने के लिए आप ने द्वारका से अपने मौजूदा विधायक आदर्श शास्त्री की टिकट काट दी है। आदर्श शास्त्री पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पोते हैं। बहरहाल, आप ने अपने कई लोकसभा उम्मीदवारों को भी चुनाव में उतारा है। पूर्वी दिल्ली से चुनाव लड़ीं आतिशी को कालकाजी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है तो दक्षिण दिल्ली से लड़े राधव चड्ढा को राजेंद्र नगर सीट से उतारा गया है। उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट से चुनाव लड़े दिलीप पांडेय तिमारपुर सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। चुनाव आयोग दिल्ली में एक ही चरण में आठ फरवरी को मतदान कराने का ऐलान किया है। 11 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। आठ फरवरी के मतदान के लिए 14 जनवरी को अधिसूचना जारी हो गई और इसके साथ ही नामांकन दाखिल करने का काम भी शुरू हो गया। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि मंगलवार, 21 जनवरी है। नामांकन पत्रों की छंटनी की 22 जनवरी को होगी और नाम वापसी की अंतिम तिथि 24 जनवरी। इसे भी पढ़ें : केरल सरकार सीएए के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची सूची के मुताबिक, नरेला- शरद चौहान, बुराड़ी- संजीव झा, तीमारपुर- दिलीप पांडे, आदर्श नगर- पवन शर्मा, बादली- अजेश यादव, रिठाला- महेंद्र गोयल, बवाना- जय भगवान उपकार, मुंडका- धर्मपाल लकड़ा, किराड़ी- ऋतुराज झा, सुल्तानपुर माजरा- मुकेश कुमार अहलावत, नांगलोई जाट- रघुविंदर शौकीन, मंगोलपुरी- राखी बिड़लान, रोहिणी- राजेश वंशीवाला, शालीमार बाग- वंदना कुमारी। इसी तरह, शकूरबस्ती- सत्येंद्र जैन, त्रीनगर- जितेंद्र तोमर, वजीरपुर- राजेश गुप्ता, मॉडल टाउन- अखिलेश पति त्रिपाठी, सदर बाजार- सोमदत्त, चांदनी चौक- प्रहलाद सिंह साहनी, मटिया महल- शोएब इकबाल, बल्लीमारान- इमरान हुसैन, करोलबाग- विशेष रवि, पटेल नगर- राजकुमार आनंद, मोदी नगर- शिवचरण गोयल, मदीपुर- गिरीश सोनी, राजौरी गार्डन- धनवती चंदेला, हरि नगर- राजकुमारी ढिल्लों, तिलक नगर- जरनैल सिंह, जनकपुरी- राजेश ऋषि। सूची में आगे लिखा है विकासपुरी- महेंद्र यादव, उत्तम नगर- नरेश बाल्यान, द्वारका- विनय कुमार मिश्र, मटियाला- गुलाब सिंह यादव, नजफगढ़- कैलाश गहलोत, बिजवासन- बी.एस. जून, पालम- भावना गौर, दिल्ली कंटोनमेंट- वीरेंद्र सिंह कादयान, राजेंद्र नगर- राघव चड्ढा, नई दिल्ली- अरविंद केजरीवाल, जंगपुरा- प्रवीण कुमार, कस्तूरबा नगर- मदनलाल और मालवीय नगर- सोमनाथ भारती। दिल्ली में मतदान 8 फरवरी को होगा। मतगणना 11 फरवरी को होगी। पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भारतीय जनता पार्टी-शिरोमणि अकाली दल गठबंधन को तीन सीटें और कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी।
Published

और पढ़ें