समाचार मुख्य

दिल्ली में मौतों में 135 फीसदी बढ़ोतरी!

ByNI Desk,
Share
दिल्ली में मौतों में 135 फीसदी बढ़ोतरी!
नई दिल्ली। देश भर में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या में कमी आ रही है और एक्टिव केसेज भी लगातार सात दिन से कम हो रहे हैं। पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण से मरने वालों का सिलसिला नहीं थम रहा है। दिल्ली में पिछले एक महीने से हर दिन 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो रही है। अक्टूबर के मुकाबले नवंबर में कोरोना से होने वाली मौतों में 135 फीसदी का इजाफा हुआ। अक्टूबर में दिल्ली में 1,110 लोगों की मौत हुई थी, जबकि नवंबर में 2,612 लोगों की मौत हुई। यह सिलसिला अब भी जारी है। शनिवार को भी राष्ट्रीय राजधानी में 77 लोगों की मौत हुई। वैसे दिल्ली में संक्रमितों की संख्या में कमी का सिलसिला शनिवार को जारी रहा। शनिवार को दिल्ली में 3,419 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर पांच लाख 89 हजार 544 हो गई। 77 लोगों की मौत से मरने वालों की कुल संख्या 9,574 हो गई। राज्य में एक्टिव केसेज की संख्या 26,678 है। दिल्ली में टेस्टिंग की संख्या भी बढ़ाई गई है। राज्य में 85 हजार सैंपल की जांच हुई है। इस बीच देश भर में कुल टेस्ट की संख्या 14 करोड़ 58 लाख 85 हजार से ज्यादा हो गई है। देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश दो करोड़ से ज्यादा टेस्टिंग वाला पहला राज्य बन गया है। उत्तर प्रदेश में अब तक कुल दो करोड़ 10 लाख से ज्यादा टेस्टिंग हो चुकी है। शनिवार को उत्तर प्रदेश में 1,940 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या पांच लाख 52 हजार 975 पहुंच गई। राज्य में 23 लोगों की मौत हुई। शनिवार को देर रात तक पूरे देश में 34 हजार के करीब नए मामले आए, जिसके बाद जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 96 लाख 42 हजार से ऊपर पहुंच गई। राजस्थान में शनिवार 2,076 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर दो लाख 78 हजार 496 हो गई। राज्य में 20 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा 2,409 पहुंच गया। गुजरात में शनिवार को 1,514 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या दो लाख 17 हजार 333 हो गई। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक शनिवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 96 लाख आठ हजार 211 थी, जिसमें से एक लाख 39 हजार सात सौ लोगों की मौत हो चुकी है।
Published

और पढ़ें