नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनावों से ठीक पहले केंद्र सरकार की एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। ईडी ने धन शोधन के मामले में पार्टी के पूर्व सांसद केडी सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वैसे केडी सिंह के खिलाफ काफी दिन से धन शोधन का मामला चल रहा है लेकिन अब जाकर उनकी गिरफ्तारी हुई है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में अप्रैल-मई में विधानसभा के चुनाव होने हैं।
बहरहाल, ईडी ने केडी सिंह को दिल्ली से गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ 2019 में धन शोधन का मामला दर्ज किया गया था। ईडी ने उनकी 239 करोड़ रुपए की संपत्ति भी जब्त कर ली थी। केडी सिंह की जब्त की गई संपत्ति में हिमाचल प्रदेश के कुफरी का एक रिसॉर्ट शामिल है। इसके साथ ही चंडीगढ में एक शोरूम सहित पंचकूला और कुछ अन्य जगहों की संपत्ति भी शामिल है। इसके अलावा ईडी ने केडी सिंह के एचडीएफसी और पीएनबी के बैंक खाते भी जब्त कर दिए थे।
ईडी की यह कार्रवाई अलकेमिस्ट ग्रुप ऑफ कंपनीज के खिलाफ थी, जिसके मालिक केडी सिंह हैं। आरोप है कि इस ग्रुप ने निवेशकों से विभिन्न पोंजी स्कीम के जरिए 19 सौ करोड़ रुपए वसूले थे। जिस मकसद से पैसा लिया गया था, उसमें नहीं लगाया गया। उसकी जगह पैसा दूसरी कंपनियों में भेजा गया और जमीनें खरीदी गईं। सेबी की रिपोर्ट के आधार पर ईडी ने धन शोधन का मुकदमा दर्ज किया था।