समाचार मुख्य

असम में राहुल के बाद प्रियंका की रैली

ByNI Desk,
Share
असम में राहुल के बाद प्रियंका की रैली
जोरहाट। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के दो दिन तक असम में चुनावी रैली करने के बाद रविवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा प्रचार के लिए असम पहुंचीं। उन्होंने एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि जब असम में बाढ़ आई थी तो प्रधानमंत्री ने असम के लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया था। पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि पर की गई प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी का हवाला देते हुए प्रियंका ने कहा कि वे 22 साल की महिला के एक ट्विट से दुखी हैं, लेकिन असम में आई बाढ़ से तबाह हुए लोगों के लिए दुखी नहीं हैं। गौरतलब  है कि मोदी के असम के चाबुआ में एक चुनावी रैली में ग्रेटा थनबर्ग टूलकिट मामले में कांग्रेस की कथित साजिश और दिशा रवि का मुद्दा उठाया था। इसके एक दिन बाद प्रियंका ने कहा कि मोदी बाढ़ के दौरान लोगों की परेशानियों को लेकर चुप थे। ध्यान रहे कोरोना वायरस महामारी के दौरान ब्रह्मपुत्र में आई पिछले साल की बाढ़ से करीब 28 लाख लोग प्रभावित हुए थे। प्रियंका ने रविवार को एक रैली में कहा- मैं कल प्रधानमंत्री का भाषण सुन रही थी। उन्होंने बहुत गंभीरता से कहा कि वे एक घटना से बहुत दुखी हैं। मुझे लगा वे असम के विकास के बारे में या असम में भाजपा ने कैसा काम किया इस बारे में बोलेंगे। प्रियंका ने आगे कहा- लेकिन मैं यह सुन कर हैरान रह गई कि प्रधानमंत्री 22 वर्षीय महिला के एक ट्विट के बारे में बात कर रहे थे। इसके बाद प्रियंका ने सवालिया लहजे में मोदी से कहा- वे बाढ़ से प्रभावित लोगों और सीएए विरोधी आंदोलन के लिए दुखी क्यों नहीं हैं, जिसमें पांच युवक मारे गए? आप तब असम क्यों नहीं आए जब लोग डूब रहे थे? आप तब दुखी क्यों नहीं थे, जब भाजपा द्वारा किए सभी बड़े वादे पूरे नहीं किए? क्या आपने चाय बागान गए और कामगारों से उनकी दिक्कतों के बारे में बात की? असम में ‘डबल इंजन' की सरकार के प्रधानमंत्री के चर्चित बयान के बारे में प्रियंका ने मजाकिया लहजे में कहा कि राज्य में अभी ‘दो मुख्यमंत्री' हैं। असल में उन्होंने राज्य सरकार के सबसे ताकतवर मंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के बीच सत्ता को लेकर चल रही खींचतान का जिक्र करते हुए यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री ने कहा कि आपके पास डबल इंजन की सरकार है, लेकिन असम के पास दो मुख्यमंत्री हैं। मुझे नहीं पता कि कौन से ईंधन से कौन-सा इंजन चलेगा।
Published

और पढ़ें