समाचार मुख्य

26 मार्च को भारत बंद करेंगे किसान!

ByNI Desk,
Share
26 मार्च को भारत बंद करेंगे किसान!
नई दिल्ली। केंद्र सरकार के बनाए तीन कृषि कानूनों के विरोध में 105 दिन से आंदोलन कर रहे किसानों ने 26 मार्च को संपूर्ण भारत बंद का आह्वान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि किसान आंदोलन के चार महीने पूरे होने के मौके पर 26 मार्च को पूरे देश में बंद किया जाएगा। संयुक्‍त किसान मोर्चा के डॉ. दर्शन पाल की ओर से जारी एक बयान में इस बारे में जानकारी दी गई और साथ ही अगले कुछ दिनों में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा के बारे में भी बताया गया। इस बयान में कहा गया  कि बुधवार को संयुक्‍त किसान मोर्चा की बैठक में आगे के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। इसमें तय किया गया कि 15 मार्च को कारपोरेट विरोधी दिवस व सरकार विरोधी दिवस मनाया जाएगा, जिसमे डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस और दूसरी जरूरी वस्तुओं के बढ़ रहे दामों के खिलाफ जिले में कलेक्टर और एसडीएम को ज्ञापन देकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उसी दिन देश भर के रेलवे स्टेशनों पर मजदूर संगठनों के साथ निजीकरण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। संयुक्त किसान मोर्चा ने बताया कि 17 मार्च को मजदूर संगठनों व अन्य संगठनों के साथ 26 मार्च के प्रस्तावित भारत बंद को सफल बनाने के लिए एक बैठक बुलाई जाएगी। बुधवार को जारी हुए बयान के मुताबिक- 19 मार्च को मुजारा लहर का दिन मनाया जाएगा और भारतीय खाद्य निगम यानी एफसीआई और खेती बचाओ कार्यक्रम के तहत देश भर की मंडियों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों ने तय किया कि 23 मार्च को शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस पर देश भर के नौजवान दिल्ली की सीमाओं पर किसानों के धरनों पर शामिल होंगे। गौरतलब है कि 26 मार्च को इस आंदोलन के चार महीने परे हो रहे हैं। उस दिन भारत बंद की अपील की गई है। उसके बाद 28 मार्च को देश भर में होलिका दहन के दिन किसान विरोधी कानून जलाए जाएंगे। किसान मोर्चा ने बयान में कहा- संयुक्‍त किसान मोर्चा हरियाणा की जनता का धन्यवाद करती है, जिन्होंने किसान विरोधी भाजपा व जजपा सरकार के खिलाफ अपनी पूरी ताकत दिखाई।
Published

और पढ़ें