समाचार मुख्य

महाराष्ट्र में पांच लाख संक्रमित !

ByNI Desk,
Share
महाराष्ट्र में पांच लाख संक्रमित !
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 20 लाख का आंकड़ा पार करने के दो दिन बाद 21 लाख से ऊपर पहुंच गई है। इसके साथ ही शनिवार को महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या पांच लाख से ऊपर पहुंच गई। देश में सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में शनिवार को पहली बार 12 हजार से ज्यादा नए मामले आए। राज्य में 12,822 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या पांच लाख तीन हजार 84 हो गई। राज्य में 275 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 17,367 पहुंच गई। बहरहाल, देश में गुरुवार को कोरोना संक्रमितों की संख्या 20 लाख पहुंची थी और उसके दो दिन बाद शनिवार को यह संख्या 21 लाख से ज्यादा हो गई। शनिवार को देर रात तक 60 हजार से ज्यादा नए संक्रमित मिले थे, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 21 लाख 48 हजार से ज्यादा हो गई। शनिवार को रात नौ बजे तक देश भर से साढ़े नौ सौ के करीब लोगों के मरने की खबर आई। देर रात तक यह संख्या एक हजार का आंकड़ा पार कर सकती है। बहरहाल, देश भर में संक्रमण से मरने वालों की संख्या साढ़े 43 हजार से ऊपर पहुंच गई है। आंध्र प्रदेश में 10,080 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या दो लाख 17 हजार 40 हो गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को संक्रमितों की संख्या में थोड़ा इजाफा हुआ। राज्य में 1,404 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख 44 हजार 127 हो गई। बिहार में शनिवार को संक्रमितों की संख्या चार हजार के करीब पहुंच गई। राज्य में 3,992 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 75,786 पहुंच गई। देश में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य तमिलनाडु में शनिवार को 5,883 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या दो लाख 90 हजार 907 हो गई है। तेलंगाना में 2,256 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 77,513 हो गई। राजस्थान में 499 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 50,656 हो गई। उत्तर प्रदेश में लगातार पांचवे दिन चार हजार से ज्यादा मामले आए। राज्य में 4,660 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख 18 हजार 38 हो गई। ओड़िशा में 1,613 नए मामले आए और केरल में 1,420 नए संक्रमित मिले। मध्य प्रदेश में 1,298 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 38,596 हो गई। कर्नाटक में शनिवार को 7,178 नए मामले आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या एक लाख 72 हजार 102 हो गई। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक शनिवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 20 लाख 88 हजार 611 थी, जिसमें से 42,518 लोगों की मौत हो चुकी है। केंद्रीय मंत्री चौधरी को कोरोना केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के बाद एक और केंद्रीय मंत्री कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने खुद ट्विट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने शनिवार को ट्विट कर बताया- बीती रात शुरुआती लक्षण दिखने पर मेरे स्वास्थ्य परीक्षण के तहत कोरोना पॉज़िटिव की रिपोर्ट आई है। कृपया बीते कुछ दिनों में मुझसे संपर्क में आए सभी मित्रगण अपने परिजनों से दूरी बनाए रखें व अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। कैलाश चौधरी इलाज के लिए जोधपुर के एक अस्पताल में भरती हुए हैं। गौरतलब है कि अपने संसदीय क्षेत्र जैसलमेर के तीन दिन के दौरे पर आये केंद्रीय मंत्री चौधरी ने हाल ही में कई जगहों का दौर किया है। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह जैसे कई नेता कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।
Published

और पढ़ें