समाचार मुख्य

आधे केस अकेले केरल में!

ByNI Desk,
Share
आधे केस अकेले केरल में!
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के केसेज की संख्या में तेजी से कमी आ रही है। अब केरल इकलौता राज्य है, जहां संक्रमण काबू में नहीं आ रहा है। इससे पहले केरल इकलौता राज्य था, जिसने संक्रमण की पहली लहर को पूरी तरह से काबू में कर लिया था। लेकिन पिछले साल ओणम का त्योहार मनाए जाने के बाद केरल में संक्रमण बढ़ना शुरू हुआ तो अब तक काबू में नहीं आ रहा है। अब देश में हर दिन आने वाले संक्रमितों की नई संख्या में करीब आधे केस अकेले केरल के होते हैं। बुधवार को देर रात तक देश भर में 14 हजार के करीब नए केसेज आए, जिसमें 6,815 यानी करीब आधे केस अकेले केरल के थे। इसके बाद बचे हुए केसेज में करीब आधे नए केस महाराष्ट्र से आ रहे हैं। बुधवार को महाराष्ट्र में कई दिन के बाद तीन हजार से ज्यादा केसेज आए। बुधवार को राज्य में 3,015 नए केसेज आए, जिसके बाद  संक्रमितों की संख्या 19 लाख 97 हजार से ज्यादा हो गई। भारत में एक्टिव केसेज में भी तेजी से कमी आई है। पिछले हफ्ते एक्टिव केसेज घटने की रफ्तार कम हो गई थी पर इस हफ्ते में इसमें तेजी से गिरावट हुई है और यह एक लाख 90 हजार के करीब पहुंच गई है। इसमें अकेले केरल की हिस्सेदारी 40 फीसदी के करीब है। वहां 70 हजार से ज्यादा एक्टिव केसेज हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 48 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हैं। दोनों में फर्क यह है कि महाराष्ट्र में मृत्यु दर काफी ऊंची रही, जबकि केरल में संक्रमितों की मरने की दर काफी कम रही है। इस बीच बुधवार को देर रात तक भारत में संक्रमितों की कुल संख्या एक करोड़ छह लाख का आंकड़ा पार कर गई। देर रात तक 14 हजार के करीब नए मामले सामने आए थे, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक करोड़ छह लाख 11 हजार के करीब पहुंच गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को 231 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या छह लाख 32 हजार 821 हो गई। पश्चिम बंगाल में 412 और उत्तर प्रदेश में 334 नए केसेज आए।  
Published

और पढ़ें