समाचार मुख्य

दिल्ली के कार्यक्रम में नहीं होंगे सीएम

ByNI Desk,
Share
दिल्ली के कार्यक्रम में नहीं होंगे सीएम
नई दिल्ली। भारत की यात्रा पर आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप 25 फरवरी को दिल्ली सरकार के एक स्कूल का दौरा करेंगी और वहां शुरू किए गए हैप्पीनेस कोर्स के बारे में जानकारी लेंगे। पर हैरानी की बात है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया इस कार्यक्रम में नहीं रहेंगे। पहले इन दोनों को भी अमेरिका की प्रथम महिला के साथ मौजूद रहना था पर शनिवार को बताया गया कि दोनों का नाम कट गया है। बताया जा रहा है कि केजरीवाल और सिसोदिया को अमेरिकी प्रथम महिला को आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से शुरू किए गए हैप्पीनेस कोर्स के बारे था। पर शनिवार को खबर आई कि दोनों को वहां नहीं रहना है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि केंद्र सरकार के दबाव में उनका नाम काटा गया है। इस बारे में संपर्क किए जाने पर अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने चुप्पी साध ली और कहा कि दिल्ली सरकार ही इस बारे में कुछ बता सकती है। गौरतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 36 घंटे से भी कम समय की अपनी भारत यात्रा के लिए पत्नी मेलानिया, बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनेर व एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ 24 फरवरी की दोपहर को अहमदाबाद पहुंचेंगे। अहमदाबाद से यह प्रतिनिधिमंडल आगरा जाएगा और फिर अपनी यात्रा के अहम पड़ाव के तहत राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेगा। मोदी नहीं जाएंगे ताजमहल देखने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ताजमहल देखने आगरा नहीं जाएंगे। गौरतलब है कि ट्रंप और उनका परिवार सोमवार को अहमदाबाद से सीधे आगरा के लिए उड़ान भरेगा और शाम में ताजमहल का दीदार करेगा। इस मौके पर ट्रंप परिवार के साथ मोदी के मौजूद रहने की संभावना नहीं है। आधिकारिक सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति 24 फरवरी को दोपहर 12 बजे के करीब अहमदाबाद पहुंचेंगे। उनके साथ अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप, बेटी इवांका ट्रंप और दामाद जेरेड कुशनर के अलावा सर्वोच्च अमेरिकी अधिकारियों सहित उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा। अहमदाबाद में ट्रंप रोड शो में हिस्सा लेंगे और मोटेरा स्टेडियम में होने वाले अपने स्वागत कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उसके बाद ट्रंप ताजमहल के दीदार के लिए सोमवार की दोपहर आगरा रवाना होंगे। ट्रंप के साथ मोदी के आगरा जाने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि ऐसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति और उनके परिवार का ताजमहल जाना उन्हें ऐतिहासिक धरोहर को अपनी सुविधा के अनुसार देखने का मौका देना है। इसलिए कोई आधिकारिक कार्यक्रम या भारत के वरिष्ठ पदाधिरकारियों की उपस्थिति का सवाल नहीं है। यह उनके परिवार का निजी कार्यक्रम है।
Published

और पढ़ें