समाचार मुख्य

हरियाणा में भाजपा सरकार को झटका

ByNI Desk,
Share
हरियाणा में भाजपा सरकार को झटका
चंडीगढ़। हरियाणा में चल रही भाजपा और जननायक जनता पार्टी की गठबंधन सरकार को बड़ा झटका लगा है। महम के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने गुरुवार को सरकार से समर्थन वापस लेने का ऐलान कर दिया। सरकार के लिए यह चिंता की बात इसलिए है क्योंकि जननायक जनता पार्टी के विधायकों में भी नाराजगी है और एक विधायक ने खुलेआम पार्टी के नेता और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पर सवाल उठाए हैं। बहरहाल, सरकार को समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायक कुंडू ने कहा कि वे भ्रष्ट सरकार को समर्थन करने वाले मुख्यमंत्री से अपना समर्थन वापस लेते हैं। इससे पहले उन्होंने भाजपा की पिछली सरकार में सहकारिता मंत्री रहे मनीष ग्रोवर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा कर जांच की मांग की थी। रोहतक के पूर्व विधायक मनीष ग्रोवर पर विधायक बलराज कुंडू का आरोप था कि सहकारिता मंत्री रहते हुए उन्होंने चीन शुगर मिल से शीरे का घोटाला किया था। इसके अलावा रोहतक नगर निगम में भी भ्रष्टाचार किया। कुंडू कहा था कि सरकार ने मनीष ग्रोवर पर कार्रवाई नहीं की तो वे समर्थन वापस ले लेंगे। इसके बाद उन्होंने गृह मंत्री अनिल विज को शिकायत दी थी। जिस पर विज ने एक एसआईटी गठित कर दी थी। गौरतलब है कि हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। इसी दौरान कुंडू ने सवाल उठाया था कि जब मनीष ग्रोवर का शीरा का व्यापार है तो उन्हें सहकारिता विभाग क्यों दिया गया? इस पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि जो व्यक्ति जिस पेशे से जुड़ा हुआ है, उसे वो विभाग दे देना कोई गलत नहीं है। इसके बाद मुख्यमंत्री की बातों से नाराजगी जताते हुए कुंडू ने समर्थन वापस लेने का ऐलान कर दिया।
Published

और पढ़ें