समाचार मुख्य

भारत संक्रमण में नौवें स्थान पर

ByNI Desk,
Share
भारत संक्रमण में नौवें स्थान पर
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को भारत संसार भर में संक्रमितों की संख्या के लिहाज से नौवें स्थान पर पहुंच गया है। गुरुवार को भारत ने तुर्की को पीछे छोड़ दिया। गुरुवार की देर रात तक 6849 मामले आए, जिसके बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर एक लाख 64 हजार 936 से ज्यादा हो गई। इसमें उत्तर प्रदेश का आंकड़ा शामिल नहीं है। देश में पिछले कई दिनों से लगातार छह हजार से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश का आंकड़ा आने के बाद गुरुवार को भारत में नए संक्रमितों की संख्या सात हजार पहुंच जाएगी। इनमें से 4,673 लोगों की मौत हुई है और 70102 लोग इलाज से ठीक हुए हैं। कुल संक्रमितों में से अभी 90 150 लोग अस्पताल में भरती हैं। कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में गुरुवार को मरीजों की संख्या एक बार फिर तेजी से बढ़ी और ढाई हजार के ऊपर पहुंच गई। गुरुवार को राज्य में 2,598 मामले आए, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 59,546 हो गई। महाराष्ट्र के बाद इपीसेंटर के तौर पर उभरे तमिलनाडु में 827 मामले सामने आए, जिसके बाद राज्य में मरीजों की संख्या 19,372 पहुंच गई। तमिलनाडु में पिछले दो दिन से आठ से सौ ज्यादा मामले आ रहे हैं। संक्रमितों की संख्या के लिहाज से सूची में शामिल तीसरे राज्य गुजरात में गुरुवार को 367 मामले सामने आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 15,572 हो गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का आंकड़ा देर रात तक अपडेट नहीं हुआ था। हालांकि दिल्ली में बुधवार को 792 नए मामले आए थे, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 15,257 हो गई थी। गुरुवार को राजस्थान में 131 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 7,947 हो गई। पश्चिम बंगाल में गुरुवार को संक्रमितों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ। वहां 344 नए मामले सामने आए, जिसके बाद वहां संक्रमितों की संख्या 4,536 पहुंच गई है। बिहार में गुरुवार को 54 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 3,090 हो गई। बाहर से मजदूरों के आने से असम में भी मामले तेजी से बढ़े हैं। वहां बुधवार को 73 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 857 हो गई। कर्नाटक में भी संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वहां गुरुवार को 115 मामले आए, जिसके बाद कुल संख्या 2,533 पहुंच गई है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में 128, पंजाब में 19, हरियाणा में 123, केरल में 84, ओड़िशा में 67, जम्मू कश्मीर में 115 और उत्तराखंड में 31 नए मामले सामने आए। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी की वेबसाइट पर आधारित है। भारत के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक गुरुवार की देर शाम तक कुल एक लाख 58 हजार 332 मामले थे। इनमें से 4,531 लोगों की मौत हुई है, जबकि 67,691 लोग इलाज से ठीक हुए हैं और 86,110 लोग अस्पताल में भरती है। देश में 46 सौ से ज्यादा मौतें! कोरोना वायरस से संक्रमितों में मरने वालों की संख्या में गुरुवार को भी बड़ा इजाफा हुआ। गुरुवार की देर शाम तक देश भर में 125 लोगों की मौत हुई। इसमें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश का आंकड़ा शामिल नहीं है। इससे पहले बुधवार को 175 लोगों की मौत हुई थी। उससे पहले कई दिन तक मरने वालों का औसत सवा सौ लोगों का था। बहरहाल, गुरुवार को दिल्ली और उत्तर प्रदेश को छोड़ कर बाकी देश में 125 लोगों के मरने के बाद कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़ कर 4,659 पहुंच गई है। कोरोना वायरस से सबसे अधिक संक्रमित महाराष्ट्र में मंगलवार को 85 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या बढ़ कर 1,982 हो गई। इससे एक दिन पहले बुधवार को महाराष्ट्र में 105 लोगों की मौत हुई थी। महाराष्ट्र के बाद वायरस के इपीसेंटर के तौर पर उभरे गुजरात में गुरुवार को मरने वालों का आंकड़ा देर रात तक अपडेट नहीं किया गया था। इससे पहले बुधवार को राज्य में 23 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद राज्य में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 938 पहुंच गई थी। संक्रमितों की संख्या के लिहाज से महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर आ गए तमिलनाडु में गुरुवार को मरने वालों की संख्या दहाई में पहुंच गई। राज्य में 12 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 148 पहुंच गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को मरने वालों का आंकड़ा देर रात तक अपडेट नहीं किया गया था। बुधवार को दिल्ली में 15 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 303 हो गई। पश्चिम बंगाल में छह लोगों की मौत हुई, जिसके बाद वहां मरने वालों की संख्या 295 पहुंच गई। राजस्थान में छह लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या बढ़ कर 178 पहुंच गई। मध्य प्रदेश में आठ लोगों की मौत हुई, जिसके बाद वहां मृतकों का आंकड़ा 321 पहुंच गया। तेलंगाना में गुरुवार को चार लोगों की मौत हुई। इसके अलावा केरल, हरियाणा, आंध्र प्रदेश और जम्मू कश्मीर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी की वेबसाइट पर आधारित है। केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक बुधवार की देर शाम तक 4,531 लोगों की मौत हुई थी।
Published

और पढ़ें