समाचार मुख्य

SDG स्कोर: भारत की रैंकिंग नेपाल से नीचे!

ByNI Desk,
Share
SDG स्कोर: भारत की रैंकिंग नेपाल से नीचे!
नई दिल्ली। टिकाऊ विकास के मामले में भारत की स्थिति पहले से और खराब हो गई है। दुनिया के देशों में भारत की रैंकिंग गिरी है और यह नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और श्रीलंका से भी नीचे पहुंच गया है। संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से दुनिया के 193 देशों में अपनाए गए टिकाऊ विकास के लक्ष्यों का आकलन किया गया है, जिसमें भारत की रैंकिंग दो स्थान गिर कर 117 पहुंच गई है। गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र संघ के सदस्य देशों ने 2015 में इन टिकाऊ विकास के 17 लक्ष्यों को स्वीकार किया था। इन लक्ष्यों को 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। कोरोना संक्रमण के बीच 2021 की रिपोर्ट में पता चला है कि भारत टिकाऊ विकास की प्रमुख चुनौतियों जैसे भुखमरी खत्म करने और खाद्य सुरक्षा हासिल करने, लैंगिक समानता, लचीले बुनियादी ढांचे का निर्माण, समावेशी और टिकाऊ औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और इनोवेशन को बढ़ावा देने की कसौटी पर बहुत पिछड़ गई है। इन्हीं कारणों से भारत की रैंकिंग गिरी है। 2021 में भारत का कुल टिकाऊ विकास लक्ष्य, एसडीजी का स्कोर एक सौ में से 61.9 अंक रहा है। इस मामले में भारत दक्षिण एशिया में भूटान, नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसे देशों से भी पिछड़ गया है। संयुक्त राष्ट्र की इस रिपोर्ट में देश के राज्यों की तैयारियों का भी ब्योरा दिया गया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, 2030 तक एसडीजी के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए बिहार और झारखंड की तैयारियां सबसे खराब हैं। एसडीजी के लक्ष्यों को तय समय पर पूरा करने को लेकर केरल, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ सही दिशा में काम कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले दिनों नीति आयोग की ओर से भारत के एसडीजी लक्ष्य की रैंकिंग घोषित की गई थी, बिहार और झारखंड उसमें भी सबसे पीछे थे।
Tags :
Published

और पढ़ें