
काठमांडू। नेपाल की राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी ने भारतीय सेना के प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे को ‘जनरल ऑफ द नेपाल आर्मी’ के मानद पद से सम्मानित किया है। भारतीय सेना प्रमुख जनरल नरवणे चार से छह नंवबर तक नेपाल के दौरे पर हैं। अपने तीन दिन के दौरे पर वे इस समय राजधानी काठमांडू में हैं। वे नेपाली सेना के चीफ जनरल पूर्ण चांपा के निमंत्रण पर वहां गए हैं। सम्मान मिलने के बाद नेपाल सेना मुख्यालय में भारत और नेपाल के सेना प्रमुखों के बीच दोपक्षीय वार्ता भी हुई।
इससे पहले सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने नेपाल सेना के दो फील्ड अस्पतालों के लिए चिकित्सा उपकरण भी पेश किए। इसमें एक्स-रे मशीन, आईसीयू वेंटिलेटर, वीडियो एंडोस्कोपी यूनिट, एनेस्थीसिया मशीन और एम्बुलेंस शामिल हैं। काठमांडू में भारत के दूतावास ने इसकी जानकारी दी। भारत और नेपाल के बीच संबंधों में आए गतिरोध के बीच सेना प्रमुख की यह यात्रा बेहद अहम मानी जा रही है।