समाचार मुख्य

जहाज पर फंसे लोगों ने मोदी से लगाई गुहार

ByNI Desk,
Share
जहाज पर फंसे लोगों ने मोदी से लगाई गुहार
नई दिल्ली। चीन में फैले कोरोना वायरस के संक्रमण से प्रभावित होने की वजह से समुद्र में रोके गए जहाज में सवार लोगों ने प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी से मदद की अपील की है। यह जहाज पांच दिन से जापान के योकोहामा बंदरगाह पर रोक कर रखा गया है। इसके चालक दल में 160 भारतीय हैं, जिनके बारे में बताया जा रहा है कि 90 फीसदी को कोरोना वायरस का संक्रमण है। इस लक्जरी क्रूज लाइनर के यात्री और चालक दल के सदस्य पांच फरवरी से परेशान हैं। इस जहाज में कई लोगों के कोरोना वायरस से पीड़ित होने की पुष्टि हुई है। डायमंड एक्सप्रेस नाम के इस जहाज के कैप्टेन ने बताया है कि सोमवार को 66 और लोगों के कोरोना वायरस से पीड़ित होने की पुष्टि हुई है। एक दिन पहले तक जहाज के 71 लोग कोरोना वायरस से पीड़ित थे। सो, अब जहाज कुल 137 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। एक न्यूज चैनल के जरिए भेजी गई अपील में एक नागरिक ने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा है- मोदी जी प्लीज कुछ भी करके हमें बचा लीजिए। अगर संक्रमण हो गया और तब कोई बचाने आया तो क्या फायदा होगा। बिनय कुमार सरकार नाम के जिस व्यक्ति ने अपील की है वे शेफ हैं। इस जहाज में 36 सौ से कुछ ज्यादा सवार हैं। ये जहाज बीस जनवरी को योकोहामा से चला था। 25 जनवरी को हांगकांग में एक यात्री इस जहाज से उतरा। दो फरवरी को जहाज को जानकारी मिली कि हांगकांग का ये यात्री कोरोना वायरस से पीड़ित था। इसके बाद जहाज को तुरंत योकोहोमा वापस भेजा गया और पांच फरवरी को ये जहाज बंदरगाह पर अलग खड़ा कर दिया गया है। जापान का स्वास्थ्य मंत्रालय जहाज पर मौजूद सभी लोगों की निगरानी कर रहा है। सभी को बचाव के लिए मास्क और अन्य उपकरण दिए गए हैं। इस बीच ये कहा गया है कि जब तक जहाज अलग थलग है तब तक भारत सरकार इसमें दखल नहीं दे सकती। अभी तक की जानकारी के मुताबिक ये जहाज 19 फरवरी तक बंदरगाह पर अलग खड़ा रहेगा।
Published

और पढ़ें