समाचार मुख्य

केंद्र सरकार ने ट्विटर को दी चेतावनी

ByNI Desk,
Share
केंद्र सरकार ने ट्विटर को दी चेतावनी
नई दिल्ली। भारत सरकार ने एक बार फि माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर को चेतावनी दी है। सरकार ने उसे याद दिलाया है कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और अभिव्यक्ति की आजादी के बारे में उसे पाठ पढ़ाने की जरूरत नहीं है। सोशल मीडिया को लेकर तैयार किए गए नए दिशा-निर्देशों पर ट्विटर के रवैए से खफा सूचना व प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा है कि वह दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को न सिखाए कि हमें क्या करना है। मंत्रालय ने कहा कि ट्विटर मुद्दा भटकाने के बजाय नियमों का पालन करे। सूचना व प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा है कि ट्विटर का जवाब दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश पर जबरन अपनी शर्तें थोपने जैसा है। गौरतलब है कि ट्विटर ने अपने बयान के जरिए उन दिशा-निर्देशों का पालन करने से मना किया है, जो भारत सरकार ने आपराधिक गतिविधियां रोकने के लिए तैयार की हैं। मंत्रालय ने कहा है कि भारत में लोकतंत्र और बोलने की आजादी सदियों से रही है। यहां इसकी रक्षा करने की जिम्मेदारी सिर्फ ट्विटर जैसी किसी एक संस्था को नहीं है। सरकार ने आरोप लगाते हुए कहा कि बोलने की आजादी को लेकर ट्विटर पर पारदर्शी नीतियां नहीं हैं। कई लोगों के अकाउंट सस्पेंड कर दिए जाते हैं, तो कई की पोस्ट डिलीट कर दी जाती हैं। सरकार की तरफ से कहा गया कि कानून और नीतियां बनाने का अधिकार किसी देश का विशेष अधिकार है। जबकि ट्विटर सिर्फ एक सोशल मीडिया साइट है। भारत की कानूनी नीतियां क्या होनी चाहिए, यह तय करने में उसका कोई हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। सूचना व प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा कि ट्विटर ने यह दावा किया है कि वह भारतीयों के लिए प्रतिबद्ध है। इसके उलट हाल के दिनों में उसकी यह प्रतिबद्धता देखने को नहीं मिली। मंत्रालय ने कहा- ट्विटर के बयान को भारत सरकार पूरी तरह गलत और निराधार बताते हुए उसका खंडन करती है। उनका बयान भारत को बदनाम करने की कोशिश है।
Published

और पढ़ें