समाचार मुख्य

हुनर हाट से तीन लाख लोगों को रोजगार: मोदी

ByNI Desk,
Share
हुनर हाट से तीन लाख लोगों को रोजगार: मोदी
नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया है कि हुनर हाट से तीन लाख शिल्पकारों को काम मिला है। रेडियो पर प्रसारित होने वाले अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात में मोदी ने दिल्ली में इंडिया गेट के लॉन में लगे हुनर हाट का जिक्र किया और कहा- हाल ही में मैं हुनर हाट गया था। वहां भारत की संस्कृति, परंपराएं और कला देखी। इससे तीन लाख शिल्पकारों को रोजगार मिला। गौरतलब है कि मोदी पिछले दिनों हुनर हाट गए थे और बिहार के स्टॉल से खरीद कर लिट्टी-चोखा खाया था। बहरहाल, इससे पहले 26 जनवरी को मन की बात का प्रसारण हुआ था। गणतंत्र दिवस समारोह के चलते कार्यक्रम का प्रसारण शाम छह बजे किया गया था। इस साल के दूसरे मन की बात में रविवार को मोदी ने कहा- कुछ दिन पहले मैंने दिल्ली के हुनर हाट में देश के खान पान, हस्तशिल्प, परंपराएं और कलाएं देखीं। इसमें देश की संस्कृति देखकर अनोखा अनुभव हुआ। कलाकारों की कहानियां प्रेरणादायक हैं। एक दिव्यांग महिला कलाकार ने बताया कि पहले वह फुटपाथ पर पेंटिंग बेचती थी, लेकिन आज हुनर हाट से उन्हें रोजगार मिला। पिछले सालों में तीन लाख से ज्यादा शिल्पकारों को इससे रोजगार के मौके मिले हैं।  मोदी ने कहा- हुनर हाट में कई तरह के खान पान के विकल्प हैं। मैंने खुद वहीं लिट्टी चोखा खाया था। हुनर हाट में एक बार जरूर जाना चाहिए। इससे आप देश के कलाकारों के जीवन में योगदान दे सकते हैं। प्रधानमंत्री ने आगे कहा- इन दिनों युवाओं में वैज्ञानिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ रही है। चंद्रयान-2 मिशन के तहत यह उत्साह मैंने बच्चों के बीच देखा था। अब आप श्रीहरिकोटा में रॉकेट लांचिंग को आसानी से देख सकते हैं। इसके लिए विजिटर गैलरी बनाई गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले दिनों लेह के एक एयरपोर्ट से वायु सेना के एक विमान ने बायो फ्यूल के जरिए उड़ान भरी। देहरादून के फ्यूल इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिकों ने बायो फ्यूल की संकल्पना को साकार किया है। इससे परंपरागत ईंधन पर हमारी निर्भरता में कमी आएगी। मोदी ने कहा- आज महिलाएं नए हुनर से अपने जीवन का लक्ष्य हासिल कर रही हैं। बेटियां पुरानी परंपराओं को तोड़ कर नई ऊंचाइयां पर पहुंच रही हैं। युवा पर्वतारोही काम्या ने दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी को फतह किया। वे मिशन साहस पर जुटी हैं। सभी महाद्वीपों को फतह करना चाहती हैं। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। जो देश फिट है, वह हमेशा हिट भी रहेगा।
Published

और पढ़ें