नई दिल्ली। भारत सरकार ने 20 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट को नहीं टाला है, लेकिन कोरोना वायरस की महामारी की वजह से गगनयान मिशन एक साल के लिए टल गया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, इसरो के प्रमुख डॉ. के सिवन ने सोमवार को कहा कि अब मानव मिशन की लांचिंग में तय समय से करीब एक साल की देरी होगी। गगनयान मिशन की लांचिंग अब अगले साल के अंत तक या उसके एक साल बाद होने की उम्मीद है।
हालांकि इससे पहले दो मानव रहित स्पेसक्राफ्ट भेजे जाएंगे। इसरो ने पहले दिसंबर 2021 तक गगनयान मिशन भेजने की बात कही थी। वहीं, मानव रहित मिशन के लिए दिसंबर 2020 और जुलाई 2021 का समय तय किया था। अब इन दोनों मिशन की लांचिंग में भी देरी हो सकती है। सिवन ने कहा कि इसरो ने चंद्रयान-3 मिशन पर भी काम शुरू कर दिया है। इसके लिए लैंडर और रोवर तैयार करने का काम किया जा रहा है। हालांकि, अभी इस मिशन की लांचिंग की कोई तारीख तय नहीं की है।