श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में भारी बर्फबारी की वजह से कई जगह हिमस्खलन हुआ है, जिसकी चपेट में आकर सेना के पांच जवानों की मौत हो गई है। उत्तरी कश्मीर में रविवार को शुरू हुई बर्फबारी की वजह से सोमवार को कई जगह हिमस्खलन हुए। माछिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास हिमस्थलन की चपेट में सेना की एक चौकी आ गई। इस दौरान बर्फ में दबने से चार जवानों की मौत हो गई। पांच और जवान बर्फ में दब गए थे, जिनमें से चार को निकाल लिया गया।
नौगाम सेक्टर में तैनात एक बीएसएफ कांस्टेबल की भी हिमस्खलन की चपेट में आने से मौत हो गई। उधर, मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में हिमस्खलन की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें एक पिता और उसके दो बेटे शामिल हैं। लद्दाख के किन्नौर में हेलीकॉप्टर की मदद से फंसे हुए पर्यटकों को बाहर निकाला।
सेना के जानकार सूत्रों के मुताबिक, रामपुर और गुरेज सेक्टर में भी हिमस्खलन के कारण सेना की चौकियों को नुकसान पहुंचा है। यहां भी एक जवान के शहीद होने की सूचना मिली है। बर्फ में फंसे जवानों को निकालने के लिए वायु सेना की मदद ली जा रही है। भारी बर्फबारी के कारण कुपवाड़ा, बांदीपोरा और बारामूला जिले में कई घरों को नुकसान पहुंचा है। उत्तरी और मध्य कश्मीर के ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी दी गई है।
इसे भी पढ़ें : नागरिकता कानून पर संघ करेगा मुसलमानों से संवाद