
जम्मू। राज्य की पुलिस ने कश्मीर घाटी के बाद जम्मू में आतंकवादी संगठन लश्कर ए तैयबा के एक टेरर फंडिंग माड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत जम्मू में आतंकवादियों की मदद कर रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जम्मू कश्मीर पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार लोगों से पूछताछ के बाद और भी लोगों को पकड़ा जा सकता है।
जम्मू के आइजी मुकेश सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि गिरफ्तार सभी आरोपी लश्कर को मदद मुहैया कराते थे। उन्हें कुछ दिन पहले ही अपने विश्वसनीय सूत्रों से यह जानकारी मिली थी कि जम्मू में भी एक टेरर माड्यूल लश्कर के लिए काम कर रहा है। जानकारी के आधार पर जम्मू कश्मीर पुलिस की एसओजी की टीम ने रणनीति बनाई और सूचना के आधार पर छापामारी कर मुदसिर फारूक भट को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब भट से सख्ती से पूछताछ की तो उसने और पांच लोगों के नाम बताए, जो उसके साथ इसमें शामिल थे। उनके नाम तौकीर अहमद भट, आसिफ भट, खालिद लतीफ भट, गाजी इकबाल और तारिक हुसैन मीर हैं। एसओजी की टीम ने बताए पते पर छापा मार पांचों को गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिक जांच में सभी छह आरोपियों ने उनके लश्कर ए तैयबा आतंकी संगठन से संबंध होने की बात स्वीकार ली है। इनसे पूछताछ में यह भी पता चला है कि लश्कर किसी बडी घटना को अंजाम देने की तैयारी में है।