रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो गया। गुरुवार को जिन सीटों पर मतदान हुआ उसमें नक्सल प्रभावित 12 सीटों- सिल्ली, खिजरी, कोडरमा, बरही, बड़कागांव, मांडू, हजारीबाग, सिमरिया, धनवार, गोमिया, बेरमो और ईचागढ़ में सुबह सात से तीन बजे तक वोटिंग हुई। बाकी पांच सीटों रांची, हटिया, कांके, रामगढ़ और बरकट्ठा में शाम पांच बजे तक वोट डाले गए। 17 सीटों पर कुल 61.93 फीसदी वोट पड़े।
इस चरण में झारखंड विकास मोर्चा के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, आजसू प्रमुख और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो, राज्य सरकार के नगर विकास मंत्री सीपी सिंह और शिक्षा मंत्री नीरा यादव सहित 309 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें महिला उम्मीदवारों की संख्या 32 है। 2014 के विधानसभा चुनाव में भी इन 17 सीटों पर 62 फीसदी वोटिंग हुई थी। ध्यान रहे दूसरे चरण के मतदान में 2014 के मुकाबले मत प्रतिशत कम हो गया था। बहरहाल, तीसरे चरण की 17 विधानसभा सीटों में से 10 भाजपा ने जीती थी और एक सीट आजसू को मिली थी। वहीं, दो सीट पर कांग्रेस, तीन पर जेएमएम और एक पर भाकपा माले के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी।