दुमका। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की गैरहाजिरी में उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने झारखंड में कांग्रेस के लिए चुनावी रैली की। झारखंड में आखिरी चरण के मतदान के लिए प्रचार बंद होने से ठीक पहले प्रियंका ने चुनावी रैली को संबोधित किया और नागरिकता कानून को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया।
प्रियंका ने झारखंड के पाकुड़ में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में जब छात्र इस कानून के खिलाफ आवाज उठाते हैं तो पुलिस उन पर लाठीचार्ज करती है। उन्होंने कहा कि इस कानून के खिलाफ पूरे देश में छात्र सड़कों पर हैं। प्रियंका गांधी ने झारखंड के लोगों से कांग्रेस को वोट करने की अपील करते हुए कहा कि कहा- ये चुनाव आपकी मिट्टी और मां का चुनाव है, झारखंड के अस्तितव का चुनाव है। जंगल के हजारों रंग होते हैं लेकिन बीजेपी को ये रंग दिखाई नहीं देते हैं।
इससे पहले प्रियंका ने कांग्रेस की ओर से दिल्ली में आयोजित भारत बचाओ रैली में भी नागरिकता कानून को लेकर केंद्र पर हमला किया था। कांग्रेस महासचिव ने कहा था कि इस सरकार में ऐसे कानून बन रहे हैं, जिससे देश का संविधान खतरे में है। उन्होंने नागरिकता कानून को विभाजनकारी बताते हुए कहा था- मैं कश्मीर से अरुणाचल तक सबसे कहना चाहती हूं कि आप अपनी आवाज उठाइए। अगर हम चुप रहेंगे तो आंबेडकर द्वारा लिखा गया संविधान खत्म हो जाएगा और देश का बंटवारा जो जाएगा।